चंडीगढ़। समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास विभाग, चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा कृत्रिम अंग निर्माण निगम (एएलआईएमसीओ), चंडीगढ़ के सहयोग से आज आशा किरण, व्यावसायिक प्रशिक्षण केंद्र, सेक्टर-46, चंडीगढ़ में दिव्यांगजनों के लिए एक मूल्यांकन शिविर आयोजित किया गया।
इस अवसर पर अनुराधा एस. चगती, सचिव, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास विभाग, चंडीगढ़ प्रशासन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में सुश्री पालिका अरोड़ा, निदेशक, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास विभाग भी विशेष रूप से उपस्थित थीं। दिव्यांगजन व्यक्तियों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने हेतु एडीआईपी योजना के अंतर्गत आयोजित इस शिविर में लगभग 70 दिव्यांगजन शामिल हुए। मूल्यांकन के उपरांत पात्र लाभार्थियों को बैसाखी, श्रवण यंत्र, व्हीलचेयर, स्मार्ट केन आदि सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे।
चंडीगढ़ में दिव्यांगजनों के लिए मूल्यांकन शिविर का हुआ आयोजन
एएलआईएमसीओ की विशेषज्ञ टीम ने विभिन्न प्रकार की दिव्यांगता से ग्रसित व्यक्तियों का मूल्यांकन कर उपयुक्त सहायक उपकरणों की अनुशंसा की। इसके अतिरिक्त, लाभार्थियों को यूनिक डिसेबिलिटी आईडी कार्ड (यूडीआईडी) उपलब्ध कराने हेतु स्थल पर एक यूडीआईडी पंजीकरण हेल्पडेस्क भी स्थापित की गई। विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी उपस्थित लाभार्थियों को दी गई। शिविर में शामिल प्रतिभागियों ने इस पहल की सराहना की और प्रदान की गई सहयोग व सेवाओं के लिए आभार व्यक्त किया।