गुजरात। बारदा वन्यजीव अभयारण्य में जैव विविधता को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए गुजरात वन विभाग ने वनतारा के सहयोग से जो कि अनंत अंबानी द्वारा स्थापित एक प्रमुख वन्यजीव बचाव और संरक्षण पहल है जिसके अंतर्गत ग्रीन्स जूलॉजिकल, रेस्क्यू एंड रिहैबिलिटेशन सेंटर संचालित होता है 33 चित्तीदार हिरण (एक्सिस एक्सिस), जिन्हें आमतौर पर चीतल कहा जाता है, को एक निर्धारित संरक्षित क्षेत्र में छोड़ा।
वनतारा और गुजरात वन विभाग ने बारदा अभयारण्य में वन्यजीव विविधता को समृद्ध करने के लिए मिलाया हाथ
हिरणों को वनतारा के जामनगर स्थित एक्स-सीटू (ex-situ) संरक्षण सुविधा से स्थानांतरित किया गया और विशेष रूप से डिजाइन की गई एम्बुलेंसों में बारदा वन्यजीव अभयारण्य तक लाया गया। पारिस्थितिक उपयुक्तता और सहायक प्रणालियों की तैयारी की पुष्टि के बाद, हिरणों को वन विभाग की निगरानी में छोड़ दिया गया। वनतारा ने स्थापित संरक्षण प्रोटोकॉल का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए तकनीकी और लॉजिस्टिक सहायता प्रदान की।
ग्रीन्स जूलॉजिकल, रेस्क्यू एंड रिहैबिलिटेशन सेंटर के निदेशक डॉ. बृज किशोर गुप्ता ने कहा, "यह पहल बारदा वन्यजीव अभयारण्य की जैव विविधता को बहाल और समृद्ध करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। चित्तीदार हिरण ऐतिहासिक रूप से इस लैंडस्केप में निवास करते रहे हैं, और उनका वैज्ञानिक रूप से निर्देशित पुन:प्रवेश न केवल पारिस्थितिक रूप से महत्वपूर्ण है, बल्कि प्राकृतिक वास पुनरोद्धार के लिए एक व्यापक दृष्टिकोण का प्रतीक भी है। गुजरात वन विभाग का सक्रिय दृष्टिकोण, जो पारिस्थितिक आकलन, प्रजाति पुनर्बहाली योजना और अंतर-एजेंसी सहयोग पर आधारित है, राज्य भर में इन-सीटू (in-situ) संरक्षण ढांचे को मजबूत करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यह प्रयास सार्वजनिक संस्थाओं और वनतारा जैसे संगठनों के बीच साझेदारी की परिवर्तनकारी संभावनाओं को भी रेखांकित करता है, जहां साझी विशेषज्ञता और संसाधनों से मापनीय संरक्षण परिणाम प्राप्त हो सकते हैं और भारत में वन्यजीव प्रबंधन के लिए नए मानक स्थापित हो सकते हैं। 192.31 वर्ग किलोमीटर में फैला बारदा वन्यजीव अभयारण्य, गुजरात के पोरबंदर जिले में स्थित एक जैविक रूप से समृद्ध आश्रय स्थल है। बारदा में यह पहल सरकार के नेतृत्व वाले संरक्षण प्रयासों की निरंतरता को रेखांकित करती है, जिसमें वनतारा वैज्ञानिक विशेषज्ञता, पशु चिकित्सा देखभाल और तकनीकी इंफ्रास्ट्रक्चर में योगदान देकर एक प्रतिबद्ध भागीदार के रूप में कार्य कर रहा है।