भिवानी। मनीषा मौत केस में बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहर की पुष्टि होने के बाद पहले परिजनों के मनीषा के अंतिम संस्कार के लिए मानने की बात सामने आई थी लेकिन अब तक मनीषा का अंतिम संस्कार नहीं किया गया है। मंगलवार को रोहतक रेंज के आईजी वाई पूरन कुमार ने बताया कि मनीषा की मौत के बाद से जांच अच्छी तरह से हुई है। दो बार मनीषा का पोस्टमार्टम किया गया है। भिवानी में भी किया गया और फिर रोहतक पीजीआई में भी किया गया। मामले में स्पेशल मेडिकल बोर्ड बनाया गया था जिसने अपनी रिपोर्ट दी है। परिजन और बाकी लोग आए थे, उन्हें बताया गया है। उसके पेट से एक कीटनाशक केमिकल मिला है।
मनीषा की डेड बॉडी से कोई पार्ट्स गायब नहीं-आईजी
-मनीषा की मौत के बाद से जांच अच्छी तरह से हुई
-कुछ लोगों में अभी भी मामले को लेकर गलतफहमी
-मनीषा के अंतिम संस्कार पर कहा परिजन इस पर फैसला लेंगे
उन्होंने कहा कि परिजनों ने मनीषा के साथ रेप और यौन उत्पीड़न की आशंका जताई थी,उसकी भी जांच की गई है लेकिन जांच में ऐसा कुछ नहीं पाया गया है। कल उनके परिजनों को भी सारे तथ्य बता दिए गए हैं। वो अपने गांव में गए हैं लेकिन कुछ लोगों में अभी भी मामले को लेकर गलतफहमी है। वायरल हो रहे सुसाइड नोट पर बोलते हुए रोहतक रेंज के आईजी ने कहा कि सुसाइड नोट 13 अगस्त को मौके पर ही मिला था। आईजी ने कहा कि कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि मनीषा की डेड बॉडी से कुछ पार्ट्स गायब है, वो गलत है। ऐसा कुछ भी नहीं है। डॉक्टरों की रिपोर्ट के मुताबिक शुरुआती जांच में यही है कि मनीषा का किसी भी तरह से कोई यौन उत्पीड़न नहीं हुआ है और जांच आगे चल रही है। फिलहाल वजह यही है कि पेट में जहरीला पदार्थ मिला है जिसके चलते मनीषा की जान गई है। साथ ही परिजनों ने मनीषा के चेहरे पर एसिड डाले जाने की बात कही थी लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे भी गलत बताया है। उन्होंने बताया कि पूरे मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। पूछताछ चल रही है। सुसाइड नोट मौके से मिला था जिसमें हैंडराइटिंग भी उसी की है जिस पर परिजन उस दिन मान भी गए थे। भिवानी एसपी के तबादले के सवाल पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि ये प्रशासनिक मामला है, मैं इस पर कोई टिप्पणी नहीं करूंगा। मनीषा के अंतिम संस्कार पर उन्होंने कहा कि परिजन इस पर फैसला लेंगे।