चंडीगढ़, 6 मई। कोरोना के चलते लगाए गए लॉकडाउन के दौरान पुलिस कर्मी 25 मार्च से लगातार ड्यूटी दे रहे है, जिसको देखते हुए हरियाणा सरकार ने पुलिस कर्मियों को साप्ताहिक अवकाश देने का ऐलान किया है। इस संबंध में हरियाणा के गृहसचिव ने पुलिस महानिदेशक को निर्देश जारी कर दिए हैं। हरियाणा में इस समय 162 इंटर स्टेट नाके लगे हुए हैं। इसके अलावा भारी संख्या में अंदरूनी नाके भी लगे हुए हैं। इन नाकों पर पिछले 40 दिनों से पुलिस कर्मचारी डयूटी दे रहे हैं। कई जगह तो पुलिस कर्मियों के अभाव में कर्मचारियों के पास से डबल डयूटी भी ली जा रही है।
हरियाणा सरकार ने लॉकडाउन थ्री के दौरान भले ही कई कार्यों में छूट प्रदान कर दी है लेकिन नाके बादस्तूर जारी है। जिसके चलते अब सरकार ने पुलिस कर्मचारियों को साप्ताहिक अवकाश तथा वैकल्पिक अवकाश देने का फैसला किया है। हरियाणा के गृहसचिव विजयवर्धन ने बुधवार को पुलिस महानिदेश को जारी पत्र में कहा है कि वह अपने मताहत सभी पुलिस आयुक्तों, पुलिस अधीक्षकों, रेंज के आईजी व अन्य विंग प्रभारियों को निर्देश जारी करें कि कोरोना के कारण पिछले 40 दिनों से फील्ड में तैनात पुलिस कर्मियों को साप्ताहिक अथवा वैकल्पिक अवकाश प्रदान करें।