चंडीगढ़। हरियाणा में करीब 40 दिन बाद बुधवार से शराब के ठेके खुल गए। आज सुबह ठेके खुलने से पहले ही शराब के शौकीनों की लंबी-लंबी कतारें ठेकों के बाहर लग गई थी। हरियाणा के पंचकूला जिला को छोडक़र प्रदेश के अन्य सभी जिलों में शराब ठेके खुल गए हैं। हरियाणा सरकार ने मंगलवार की रात शर्तों के आधार पर शराब ठेके खोलने की इजाजत दी थी।
रात को जैसे ही सरकार के आदेश वायरल हुए तभी ठेकेदारों ने मोर्चा संभाल लिया और रातभर ठेके के बाहर बैरीकेडिंग आदि करवाकर ठेकों में सामान बिक्री की तैयारी की।
बुधवार की सुबह पंजाब की सीमा से सटे हरियाणा के सिरसा जिला में ठेके खुलने से कई घंटे पहले ही लोग शराब ठेकों के बाहर जमा हो गए। पंजाब के अभी ठेके नहीं खुले हैं जिसके चलते सीमावर्ती गावों के लोग हरियाणा में शराब खरीदने के लिए पहुंच गए।
हरियाणा में अंबाला, रोहतक, पानीपत आदि जिलों में भी ठेकों पर भीड़ दिखाई दी। साइबर सिटी गुरुग्राम में भी अल सुबह ही लोग ठेकों के बाहर जमा हो गए। गुरुग्राम में कई जगह शराब लेने के लिए लगी लाइनों में महिलाएं भी खड़ी देखी गई। गुरुग्राम के सैक्टर-40 स्थित वूमैन फ्रैंडली शराब ठेके की पहली ग्राहक भी महिला ही थी। जिसने शराब की पेटी खरीदी। ऐसी ही स्थिति प्रदेश के अन्य जिलों की रही। हरियाणा सरकार द्वारा प्रदेश के सभी शहरों में ठेकों के बाहर पुलिस तैनात की गई है। जिसके चलते सोशल डिस्टेंसिंग का ख्याल रखा जा रहा है। कई जगह तो पुलिस व जिला प्रशासन द्वारा शराब ठेकों के आगे बैरिकेडिंग करवाई गई है।