मणिपुर के इंफाल पश्चिम जिले में उग्रवादियों के हमले में एक महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई। महिला की 8 साल की बेटी और एक पुलिस अधिकारी समेत 9 लोग घायल हुए हैं। पुलिस के मुताबिक, उग्रवादियों ने पहाड़ी के ऊपरी इलाके से कोत्रुक और कडांगबांड घाटी के निचले इलाकों में फायरिंग की और ड्रोन से भी हमला किया। अचानक हुए इस हमले की वजह से महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों सहित कई लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भागने के लिए मजबूर होना पड़ा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, 9 घायलों में से 5 को गोली लगी है, जबकि बाकी को बम के छर्रे लगे हैं। स्थानीय लोगों ने दावा किया है कि हमले में ड्रोन बम का इस्तेमाल हुआ है।