मोहाली, 16 अक्टूबर 2026: वरिष्ठ कांग्रेसी नेता एवं पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह सिद्धू ने आज गांव भागोमाजरा की अनाज मंडी का दौरा कर किसानों की समस्याएं सुनीं। मंडी में धान की खरीद और उठान में हो रही देरी को देखते हुए उन्होंने खाद्य आपूर्ति विभाग के निदेशक, आईएएस वरिंदर कुमार शर्मा और मार्कफेड के एमडी विशेष सारंगल से फोन पर बातचीत की। उन्होंने किसानों की फसल की जल्द खरीद और समय पर उठान सुनिश्चित करने की मांग की।
सिद्धू ने कहा कि पंजाब भर की मंडियों में खरीद व्यवस्था की बदहाल स्थिति के कारण किसानों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। किसानों को अपनी फसल बेचने के लिए मंडियों में भटकना पड़े और सरकार तमाशबीन बनी रहे, यह बिल्कुल भी बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। सनेटा की मंडी में पिछले लगभग छह महीनों से गेहूं पड़ा होने के कारण जगह की समस्या पैदा हो गई है। न तो फसल रखने के लिए पर्याप्त जगह है और न ही भंडारण के पुख्ता इंतजाम। ये हालात सरकार की खरीद व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करते हैं।
भागोमाजरा मंडी पहुंचे बलबीर सिंह सिद्धू, किसानों की समस्याओं को लेकर अधिकारियों से की बातचीत
उन्होंने कहा कि शेलरों की एकाधिकारवादी व्यवस्था और खरीद एवं उठान से जुड़ी समस्याओं का खामियाजा किसानों को नहीं भुगतना चाहिए। सरकार की जिम्मेदारी है कि मंडियों से फसल का उठान समय पर हो और किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए बेवजह इंतजार न करना पड़े। यदि सरकार किसानों को बुनियादी सुविधाएं और सुचारू व्यवस्था भी उपलब्ध नहीं करवा सकती, तो उसके किसान हितैषी होने के दावों का क्या मतलब रह जाता है?
सिद्धू ने कहा कि पंजाब भर में धान की फसल पर प्रति क्विंटल 70 से 80 रुपये तक की कटौती किए जाने की शिकायतें भी गंभीर चिंता का विषय हैं। यदि किसानों की फसल की कीमत में बिना किसी उचित आधार के कटौती की जा रही है, तो यह उनकी मेहनत की कमाई के साथ अन्याय है। सरकार इन शिकायतों की तुरंत जांच करवाए, कटौती के कारण स्पष्ट करे और किसानों को उनकी फसल का पूरा मूल्य दिलाए। इसके साथ ही मंडियों में बिजली आपूर्ति और अन्य बुनियादी व्यवस्थाओं को भी सुचारू बनाया जाए।
उन्होंने कहा कि किसान दिन-रात मेहनत करके देश का पेट भरते हैं, लेकिन आज उन्हें अपनी ही फसल बेचने के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। पंजाब सरकार को विज्ञापनों और बड़े-बड़े दावों से बाहर निकलकर मंडियों में किसानों की वास्तविक स्थिति का जवाब देना चाहिए। कांग्रेस पार्टी किसानों के अधिकारों के लिए मजबूती से खड़ी है और किसानों के साथ होने वाले किसी भी अन्याय के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करती रहेगी।
इस अवसर पर मार्केट कमेटी खरड़ के पूर्व चेयरमैन एवं वरिष्ठ कांग्रेसी नेता सरदार हरकेश चंद शर्मा मछली कलां, सरदार बलजीत सिंह भागोमाजरा, सरदार अवतार सिंह तारी, पूर्व सरपंच भागोमाजरा, सरदार भूपिंदर सिंह लंबरदार भागोमाजरा, सरदार गगनदीप सिंह बैरोपुर, सरदार चरणजीत सिंह मंगा भागोमाजरा और सरदार करमजीत सिंह भागोमाजरा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।