लालडू। लालडू की अनाज मंडी में धान की बेकद्री के मुद्दे पर शिरोमणि अकाली दल ने पंजाब सरकार को घेरते हुए कहा है कि अगर दो दिन के भीतर मंडियों से गेहूं नहीं उठाया गया तो अकाली दल किसानों के समर्थन में सडक़ों पर उतरेगा।
क्षेत्रीय किसानों की मांग पर पूर्व विधायक एनके शर्मा ने बुधवार को लालडू की अनाज मंडी का दौरा किया जहां किसानों ने मजबूरन धान को सडक़ों पर बिखेरा हुआ है। मंडी के शैड से गेहूं का उठान नहीं हुआ है। किसान मंडियों में धान की फसल लेकर पहुंच रहे हैं। मंडी में जगह नहीं होने के कारण उन्हें मजबूरन अपनी फसल सडक़ों पर बिखेरनी पड़ रही है।
दो दिन में गेहूं नहीं उठाई तो सडक़ों पर उतरेगा अकाली
एन के शर्मा ने कहा कि धान की फसल को यहां से निकलने वाले वाहन लगातार रौंद रहे हैं। राहगीर धान की फसल के उपर से गुजर रहे हैं। किसानों पर लाठीचार्ज करवाने तथा किसानों की ट्रालियां चोरी करने वाली पंजाब सरकार की गलत नीतियों के कारण फसल बर्बाद हो रही है। उन्होंने कहा कि मंडियों में धान खरीद का कोई प्रबंध नहीं किया गया है। गोदाम भरे पड़े हैं और मंडियों में बारदाने की व्यवस्था नहीं है। ऐसे में अगर बारिश आ गई तो किसानों द्वारा पैदा की गई धान की फसल बारिश के पानी में बह सकती है। एनके शर्मा ने कहा कि अगर दो दिन के भीतर मंडियों से गेहूं उठाकर धान की संभाल नहीं की तो अकाली दल किसानों के समर्थन में सडक़ों पर उतरेगा। इस अवसर पर अकाली नेता गुरविंद्र सिंह, रोहित रतन, संजू प्रजापत, बिक्रम सिंह, विक्की डहर, बुल्लू राणा, रघुबीर जुनेजा, घनश्याम लाल गुल्ला, गुरजीत कुरली, हरपाल मगरा, हरदम सिंह जासधना, परमिंद्र जौला, गुरदीप औजला समेत कई गणमान्य मौजूद थे।