चंडीगढ़, 27 अगस्त: पंजाब में सरकारी कर्मचारियों की सामूहिक छुट्टी और हड़ताल के बीच राज्य सरकार ने ड्यूटी से अनधिकृत रूप से अनुपस्थित कर्मचारियों पर कार्रवाई के संकेत दिए हैं। पंजाब सरकार के कार्मिक विभाग ने सभी प्रशासनिक सचिवों और विभागाध्यक्षों को ऐसे कर्मचारियों की सूची तैयार कर आज कार्यदिवस समाप्त होने तक सामान्य प्रशासन विभाग को भेजने के निर्देश दिए हैं।
ड्यूटी से गैरहाजिर कर्मचारियों की सूची आज ही होगी तैयार
कार्मिक विभाग की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि विभिन्न माध्यमों से शिकायतें प्राप्त हुई हैं कि सरकारी कार्यालयों में अधिकारियों और कर्मचारियों के ड्यूटी पर मौजूद नहीं होने के कारण आम जनता को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
आदेश में सभी प्रशासनिक सचिवों और विभागाध्यक्षों से कहा गया है कि अपने-अपने विभागों में ड्यूटी से अनुपस्थित कर्मचारियों की सूची तैयार कर सामान्य प्रशासन विभाग को भेजी जाए। इसके बाद संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ लागू सेवा नियमों के प्रावधानों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।यह आदेश सक्षम प्राधिकारी की मंजूरी के बाद जारी किया गया है।
पंजाब में विभिन्न सरकारी कर्मचारी संगठनों की महाहड़ताल के बीच सरकार का यह आदेश महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कर्मचारी लंबित डीए, पुरानी पेंशन योजना समेत कई मांगों को लेकर सामूहिक अवकाश पर हैं। ऐसे में सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि बिना अनुमति ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों का रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। आदेश की प्रति मुख्य सचिव पंजाब के ओएसडी को भी भेजी गई है।