पठानकोट, 27 अगस्त। पठानकोट-जालंधर रेल सेक्शन पर बुधवार देर शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया।कंदरौरी रेलवे स्टेशन के पास ओवरहेड बिजली की तारों की जांच कर रहे रेलवे के स्पेशल इंजन की चपेट में आने से करीब 40 वर्षीय एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे रेलवे कर्मचारियों ने तुरंत सिविल अस्पताल पठानकोट पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
हादसे के समय रेलवे विभाग की टीम स्पेशल इंजन के जरिए रेल लाइन के ऊपर लगी बिजली की तारों का निरीक्षण कर रही थी। इसी दौरान व्यक्ति अचानक इंजन की चपेट में आ गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद रेलवे कर्मचारियों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर उसे बचा नहीं सके। सूचना मिलने पर राजकीय रेलवे पुलिस की टीम भी अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। जीआरपी चौकी पठानकोट के प्रभारी पलविंदर सिंह ने बताया कि मृतक की उम्र करीब 40 वर्ष है। पहचान के लिए शव को सिविल अस्पताल पठानकोट के शवगृह में 72 घंटे के लिए रखा गया है।
पुलिस मृतक की पहचान के लिए आसपास के इलाकों, रेलवे स्टेशनों और विभिन्न थानों से संपर्क कर रही है। साथ ही परिजनों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस हादसे के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।