डेराबस्सी। शिरोमणि अकाली दल के कोषाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक एन.के.शर्मा ने कहा है कि डेराबस्सी विधानसभा हलके की तरक्की में उत्तराखंड के लोगों की भूमिका को अनदेखा नहीं किया जा सकता। उत्तराखंड के लोगों ने यहां आकर अपनी मेहनत के बल पर अलग पहचान बनाई है।
उत्तराखंड विकास मंच के दर्जनों पदाधिकारी अकाली दल में हुए शामिल
एन.के.शर्मा उत्तराखंड विकास मंच के पदाधिकारियों तथा उत्तराखंड मूल के लोगों को शिरोमणि अकाली दल में शामिल करने पर उनका स्वागत कर रहे थे। शर्मा ने कहा कि पंजाब में अकाली दल की सरकार के समय में इस क्षेत्र में दी गई सुविधाओं से खुश होकर ही उत्तराखंड के लोगों ने अपने आवास के लिए इस क्षेत्र को चुना था। अब पिछले नौ साल से कांग्रेस तथा आम आदमी पार्टी की तरफ से यहां रहने वाले बाहरी राज्य के लोगों की समस्याओं के समाधान की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया गया है। शर्मा ने कहा कि पंजाब में अगले साल अकाली दल की सरकार के सत्ता में आने के बाद उत्तराखंड के लोगों की प्रत्येक समस्या का पहल के आधार पर समाधान किया जाएगा। इस अवसर पर उत्तराखंड विकास मंच के मनमोहन सिंह, प्यारा सिंह, देवी सिंह, वी.एस. रावत, महेश शर्मा, दयानंद, जय प्रकाश, अखिलेश तिवारी, डी.के.पांडे, मनोज झा, गोलू बत्तरा, सुमित आहूजा तथा आशु समेत कई प्रतिनिधियों ने शिरोमणि अकाली दल में शामिल होने का ऐलान किया। एनके शर्मा ने सभी प्रतिनिधियों को पार्टी का पटका पहनाकर उनका स्वागत किया।