नांदेड़, 14 अगस्त: शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल को महाराष्ट्र के नांदेड़ स्थित एक गुरुद्वारे में हुए किरपान हमले के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। करीब 90 मिनट तक चली सर्जरी के बाद उनकी हालत स्थिर बताई गई और शुक्रवार दोपहर उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
पुलिस के अनुसार, सुखबीर बादल को करीब दोपहर 1.30 बजे अस्पताल से छुट्टी मिली, जिसके बाद वह पंजाब लौटने के लिए नांदेड़ एयरपोर्ट रवाना हुए।
बादल पर गुरुवार को महाराष्ट्र के नांदेड़ शहर के बाहरी इलाके में स्थित गुरुद्वारा माता साहिब देवन जी मुगत के अंदर एक निहंग सिख ने किरपान से हमला किया था। हमले के बाद उन्हें तुरंत यशोसाई अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका ऑपरेशन किया।
डॉक्टरों के मुताबिक, सर्जरी करीब डेढ़ घंटे तक चली। हमले में उनके हाथ की नस और टेंडन को नुकसान पहुंचा था। डॉक्टरों ने क्षतिग्रस्त टेंडन की मरम्मत की, जबकि प्लास्टिक सर्जन ने उनकी अल्नर आर्टरी और नस का भी उपचार किया। डॉक्टरों ने बताया कि वह खतरे से बाहर हैं।
हमले के बाद सामने आए दृश्यों में सुखबीर बादल अस्पताल परिसर में चलते दिखाई दिए और उनके दाहिने हाथ पर पट्टी बंधी हुई थी।
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान जसपाल सिंह के रूप में हुई है। वह पिछले करीब दो वर्षों से गुरुद्वारे में सेवादार के रूप में काम कर रहा था। उसकी उम्र करीब 60 से 62 वर्ष बताई जा रही है। वह मूल रूप से पुणे में अपने परिवार के साथ रहता है, जबकि नांदेड़ में अकेला रह रहा था।
पुलिस अभी यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने सुखबीर बादल पर हमला क्यों किया। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत हत्या के प्रयास, खतरनाक हथियार से चोट पहुंचाने और सरकारी कर्मचारी को गंभीर चोट पहुंचाकर ड्यूटी में बाधा डालने के आरोपों में मामला दर्ज किया गया है।
गौरतलब है कि दिसंबर 2024 में भी अमृतसर स्थित श्री हरमंदिर साहिब के प्रवेश द्वार पर सुखबीर बादल पर जानलेवा हमले की कोशिश की गई थी।