जीरकपुर। जीरकपुर में नगर परिषद चुनाव से पहले कांग्रेस को उस समय बड़ा झटका लगा जब पिछले 35 साल से कांग्रेस के साथ जुड़े वरिष्ठ नेता शेर सिंह अपने साथियों समेत अकाली दल में शामिल हो गए।
ढकौली में कांग्रेस नेता शेर सिंह ने साथियों समेत अकाली दल का दामन थामा
पूर्व विधायक एनके शर्मा ने पार्टी का पटका पहनाकर अकाली दल में उनका स्वागत किया। शेर सिंह ने कहा कि कांग्रेस के नेता पार्टी को निजी हितों के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं। कांग्रेस के पास विकास के लिए कोई एजेंडा नहीं है। कांग्रेस के नेता आपसी लड़ाई में उलझे हुए हैं। गुटबाजी के कारण कांग्रेस के साथ जुड़े कार्यकर्ता व नेता अब पार्टी से दूर होते जा रहे हैं।
शेर सिंह के अलावा बलजीत सिंह, दलजीत सिंह, कुलजीत सिंह, हरकीरत सिंह, कुलदीप सिंह, गुरविंदर सिंह, का अकाली दल में स्वागत करते हुए एनके शर्मा ने कहा कि नगर परिषद चुनाव के दौरान कांग्रेस तथा आम आदमी पार्टी विकास का एजेंडा देने में पूरी तरह से असफल रहे हैं। कांग्रेस तथा आम आदमी पार्टी एक ही सिक्के के दो पहलू बनकर रह गए हैं। कांग्रेस के पास आज कुछ गिनवाने के लिए है तो वह केवल घोटाले हैं।