चंडीगढ़, 18 मई 2026: एनएचएम कर्मचारी संघ हरियाणा ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) के अंतर्गत कार्यरत कर्मचारियों की लंबित मांगों और वेतन भुगतान में हो रही लगातार देरी को लेकर गहरा रोष जताया है। संघ का कहना है कि पिछले लगभग एक वर्ष से कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल रहा है तथा मार्च और अप्रैल माह का वेतन भी अब तक लंबित है, जिससे कर्मचारियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
संघ प्रतिनिधियों के अनुसार, NHM कर्मचारी पिछले करीब 25 वर्षों से लगातार स्वास्थ्य सेवाएं दे रहे हैं, लेकिन नियमितीकरण सहित कई प्रमुख मांगें अब तक लंबित हैं। कई कर्मचारियों को नियमितीकरण के पक्ष में माननीय उच्च न्यायालय से निर्णय भी मिल चुके हैं, बावजूद इसके सरकार द्वारा उन्हें लागू नहीं किया गया है।
संघ ने बताया कि उनकी मांगों को लेकर तीन बार स्वास्थ्य मंत्री और चार बार मिशन निदेशक, NHM के साथ वार्ता हो चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है।
संघ की प्रमुख मांगों में नियमितीकरण नीति लागू करना, 7वें वेतन आयोग का लाभ देना, लंबित वेतन जारी करना, समान कार्य के लिए समान वेतन लागू करना, DA बकाया भुगतान, कर्मचारियों को अवकाश सुविधाएं और कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना शामिल हैं।
संघ ने चेतावनी दी है कि यदि 17 मई 2026 तक लंबित वेतन जारी नहीं किया गया और मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो 18 मई 2026 को एनएचएम कर्मचारी संघ हरियाणा का महा प्रतिनिधिमंडल चंडीगढ़ में स्वास्थ्य मंत्री के कार्यालय/आवास पर वार्ता के लिए पहुंचेगा। संघ के अनुसार इस प्रतिनिधिमंडल में सैकड़ों से हजारों कर्मचारी शामिल हो सकते हैं।