संगरूर। शिरोमणि अकाली दल के हलका इंचार्ज एवं पूर्व विधायक अरविंद खन्ना ने पंजाब में लगातार हो रहे बम धमाकों तथा बिगड़ रही कानून व्यवस्था पर सरकार को घेरते हुए कहा है कि आज प्रत्येक पंजाब वासी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है।
संगरूर में सैकड़ों लोगों ने अकाली दल का दामन थामा
बम धमाके,ग्रेनेड हमले व हत्या की घटनाओं से होती है पंजाबियों की सुबह
सीमावर्ती राज्य के बावजूद साढे चार साल से नहीं स्थाई डीजीपी
अरविंद खन्ना आज संगरूर स्थित ग्रेवाल कॉलोनी, उपली फाटक, मैगजीन स्ट्रीट समेत कई क्षेत्रों में विभिन्न राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं को अकाली दल में शामिल करने के बाद एकत्र लोगों को संबोधित कर रहे थे। खन्ना ने कहा कि दस दिन में तीन बम धमाके हो चुके हैं। पहले शंभू में रेलवे ट्रैक पर और अब बीती रात जालंधर व अमृतसर में बम धमाके की खबर सामने आई है। यह केवल घटना नहीं बल्कि पंजाब की सुरक्षा-व्यवस्था पर सवाल उठाती है।
पंजाब पहले ही ड्रग तस्करी, गैंगस्टरवाद का सामना कर रहा है। खन्ना ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान इस समय पंजाब के मुद्दों की बजाए अपनी पार्टी के राजनीतिक संकटों में उलझे हुए हैं। मुख्यमंत्री को पंजाब वासियों की बजाए पार्टी छोड़कर जा रहे राज्य सभा सांसदों की चिंता है। पंजाब वासियों की सुबह धमाके, ग्रेनेड हमले, हत्या, नशा तस्करी जैसी खबरों के साथ होती है। सीमावर्ती राज्य होने के बावजूद पिछले साढे चार साल में पंजाब सरकार सूबे में स्थाई डीजीपी की नियुक्ति भी नहीं कर पाई है।
ऐसे में पंजाब वासियों की सुरक्षा राम भरोसे है। इस अवसर पर सूरज, जतिंद्र कुमार, विजय कुमार, नछत्र सिंह, अमर सिंह, महावीर, महिंद्र सिंह, विजय, रणजीत कुमार, कुश्मा देवी, सुनीता देवी के अलावा पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष दीपक अग्रवाल तथा पार्षद आशा रानी के सहयोग से वार्ड नंबर 11 में भारी संख्या में महिलाओं व पुरूषों ने अकाली दल में शामिल होने का ऐलान किया।