डेराबस्सी। शिरोमणि अकाली दल के कोषाध्यक्ष एवं पूर्व हलका विधायक एनके शर्मा ने कहा है कि डेराबस्सी हलके की जनता झूठ के बल पर बनी सरकार को पंजाब की राजनीति से चलता करने के लिए तैयार हो चुकी है। एनके शर्मा यहां मुबारिकपुर में आम आदमी पार्टी के ब्लाक प्रधान संजीव कुमार व उनके समर्थकों को अकाली दल में शामिल करने के बाद एकत्र लोगों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पंजाब की राजनीति में आम आदमी पार्टी इस समय डूबता हुआ जहाज है।
मुबारिकपुर में आप के ब्लाक प्रधान अकाली दल में हुए शामिल
ब्लाक स्तर से लेकर राज्य सभा तक सभी लोग इस पार्टी को छोडक़र दूसरे दलों में जा रहे हैं। एनके शर्मा ने कहा कि डेराबस्सी इलाके में आए दिन आम आदमी पार्टी के नेता व कार्यकर्ता अकाली दल में शामिल हो रह हैं। उन्होंने कहा कि शिरोमणि अकाली दल ही एक ऐसी पार्टी है जिसके पास पंजाब के विकास का विजन है। पूर्व में अकाली दल की सरकार के समय में डेराबस्सी हलके में बिजली तथा पानी की व्यवस्था के अलावा सडक़ों के जाल बिछाए गए थे। आज हालात यह हैं कि इलाके में दो-दो दिन बिजली के कट लग रहे हैं और लोगों की सुनवाई करने वाला कोई नहीं है। इस अवसर पर अजैब सिंह, हरमेल सिंह, भोली देवी, कमला देवी, रवि कुमार, बंतो देवी, रविंद्र सिंह समेत कई स्थानीय नेताओं ने अकाली दल में अपनी आस्था जताई। एन के शर्मा ने पार्टी में शामिल होने वाले सभी नेताओं को सिरोपा देकर उनका स्वागत किया। इस अवसर पर अकाली नेता टोनी राणा, पवन भोला, कृषणपाल शर्मा, बलसीस सिंह, पदम राणा, समेत कई नेता मौजूद थे।