डेराबस्सी। जीरकपुर नगर परिषद में कथित फर्जी वोटों का विवाद आज एसडीएम के समक्ष पहुंच गया। पूर्व विधायक एनके शर्मा दर्जनों जनप्रतिनिधियों के साथ दस्तावेजी प्रमाण लेकर एसडीएम के पास पहुंचे और मतदाता सूचियों में भारी धांधली के आरोप जड़े। एनके शर्मा ने एसडीएम को सौ से अधिक पन्नों की रिपोर्ट सौंपी जिसमें वर्षों पुराने मतदाताओं के वोट गायब थे। यहां तक कि जो प्रतिनिधि चुनाव लडऩे की तैयारी कर रहे हैं उनके या तो वोट दूसरे वार्डों में शिफ्ट कर दिए गए या फिर काट दिए गए।
पूर्व विधायक ने दस्तावेजों के साथ एसडीएम को सौंपी शिकायत
वर्षों पुराने मतदाताओं व संभावित प्रत्याशियों के नाम गायब
एनके शर्मा ने एसडीएम से कहा कि वह किसी भी वार्ड की जांच करवाकर उनकी शिकायतों का समाधान करें तो उनके द्वारा किसी प्रकार की आपत्ति नहीं जताई जाएगी।
वार्डबंदी पर आपत्ति जताते हुए पूर्व विधायक ने कहा कि यहां कई परिवारों के वोट दूसरे वार्डों में शिफ्ट कर दिए गए हैं। जीरकपुर में हजारों लोग अपने वोट तलाश रहे हैं। जिस क्षेत्र में वह रह रहे हैं वहां उनको वोट नहीं मिल रहे हैं। आम आदमी पार्टी अकाली दल के ग्राफ से बौखला गई है। जानबूझ कर लोगों के वोट काटे जा रहे हैं और फर्जी मतदाता तैयार किए जा रहे हैं। पूर्व विधायक ने कहा कि जीरकपुर के लोग इस मामले में पूरी तरह से एकजुट हो गए हैं। उनके पास रोजाना ऐसे लोग पहुंच रहे हैं जिनके वोर्ट कट गए हैं और वार्ड बदल चुके हैं।
हालात यह हैं कि एक मोहल्ले में एक घर एक वार्ड में तो सामने वाला घर दूसरे वार्ड में है। एनके शर्मा ने कहा कि इस मामले में अगर लोगों के साथ न्याय नहीं हुआ बहुत जल्द संघर्ष का ऐलान किया जाएगा। इस अवसर पर अकाली नेता हरविंद्र सिंह पिंका, कुलविंदर सोही,मनीषा मलिक, प्रवीण शर्मा, कृष्ण ढकौली, मनदीप सिंह, सुखजीत सिंह सुखी, अवतार सिंह समेत कई नेता मौजूद थे।