डेराबस्सी। शिरोमणि अकाली दल के कोषाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक एनके शर्मा ने कहा है कि पंजाब में आम आदमी पार्टी के नेतृत्व वाली सरकार ने किसानों के साथ किया कोई भी वादा पूरा नहीं किया है। पिछले चार साल से पंजाब के किसानों को सुविधाओं के नाम पर गुमराह किया जा रहा है। केवल शिरोमणि अकाली दल ही ऐसी पार्टी है जो किसानों अथवा ग्रामीणों की समस्याओं को समझते हुए उनका समाधान कर सकता है।
एनके शर्मा आगामी 29 मार्च को डेराबस्सी पहुंच रही अकाली दल की पंजाब बचाओ यात्रा के मद्देनजर डेराबस्सी हलके के गांव धनौनी, महमदपुर, देवीनगर, हरीपुरकुड़ां, दंदराला आदि में ग्रामीणों का न्यौता देने के लिए पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने आजतक किसानों को कोई राहत नहीं दी है। राज्य के किसान आज भी 22 फसलों को एमएसपी पर खरीदने का इंतजार कर रहे हैं। एन के शर्मा ने कहा कि पंजाब में आई बाढ़ के बाद किसानों को आजतक मुआवजा नहीं दिया गया है जबकि सरकार की तरफ से चढ़दीकला फंड के नाम पर करोड़ों रुपये एकत्र किए जा चुके हैं। पंजाब में अकाली दल की सरकार के बाद एक-एक पैसे का हिसाब लिया जाएगा और किसानों की समस्याओं का पहल के आधार पर समाधान किया जाएगा।