जीरकपुर। शिरोमणि अकाली दल के कोषाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक एनके शर्मा ने कहा है कि पंजाब सरकार को सर्वाधिक राजस्व देने के बावजूद पिछले नौ वर्षों से जीरकपुर के विकास की तरफ कोई ध्यान नहीं दिया गया।
रामगढ़ भुढ्ढा ने दिया पंजाब बचाओ यात्रा में शामिल होने का न्यौता
एन के शर्मा आगामी 29 मार्च को डेराबस्सी में पहुंच रही पंजाब बचाओ यात्रा के संबंध में निकटवर्ती गांव रामगढ़ भुढ्ढा में ग्रामीणों से रूबरू थे। उन्होंने कहा कि जीरकपुर में विकास की योजनाएं केवल शिरोमणि अकाली दल की सरकार के समय में लागू की गई हैं। पहले कांग्रेस तथा अब आम आदमी पार्टी की सरकार ने जीरकपुर की अनदेखी की है। जीरकपुर नगर परिषद की लंबे समय तक बैठक नहीं हुई। अब चुनाव निकट आने के बाद यहां के पार्षदों को विश्वास में लिए बगैर ही प्रस्ताव पारित किए जा रहे हैं। पिछले नौ सालों में जीरकपुर तथा आसपास के इलाकों का विकास पूरी तरह से ठप हो चुका है। इस क्षेत्र की विकास परियोजनाओं को दोबारा लागू करने के लिए शिरोमणि अकाली दल को सत्ता में लाना जरूरी है। ग्रामीणों ने कार्यक्रम के दौरान हाथ खड़े करके एनके शर्मा को समर्थन देने के ऐलान किया।