जीरकपुर। शिरोमणि अकाली दल के कोषाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक एनके शर्मा ने कहा है कि पंजाब में शिक्षा और स्वास्थ्य के मुद्दे पर लोगों को गुमराह करने वाली आम आदमी पार्टी प्रदेश की जनता को बताए कि पंजाब में आप के कितने विधायकों के बच्चे सरकारी स्कूलों में पढ़ रहे हैं। एन के शर्मा पंजाब बचाओ यात्रा के संबंध में आज जीरकपुर में पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि शिक्षा के मुद्दे पर आई एक रिपोर्ट ने पंजाब सरकार के दावों की पोल खोल दी है। मुख्यमंत्री समेत पंजाब के कई मंत्रियों तथा विधायकों के बच्चे महंगे प्राइवेट स्कूलों में पढ़ रहे हैं। दूसरी तरफ पंजाब सरकार शिक्षा के नाम पर करोड़ों रुपये के विज्ञापन जारी करके पंजाब के लोगों को गुमराह कर रही है।
जीरकपुर में पंजाब बचाओ यात्रा में शामिल होने का दिया न्यौता अकाली दल की सरकार में बनाए स्कूलों के कांग्रेस व आप ने केवल बोर्ड बदले
पंजाब सरकार शिक्षा के नाम पर आए दिन खोखले दावे कर रही है जबकि सच्चाई यह है कि पंजाब में आम आदमी पार्टी के विधायकों तथा मंत्रियों को खुद अपने ही मॉडल पर भरोसा नहीं है। एनके शर्मा ने कहा कि पंजाब में अकाली दल की सरकार के समय में शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है। अकाली दल ने अपनी सरकार के समय में जो स्कूल, कॉलेज तथा विश्वविद्यालयों की स्थापना की। अकाली दल की तरफ से बनाए गए स्कूलों के बोर्ड पहले कांग्रेस ने बदले और अब आम आदमी पार्टी बोर्ड बदलकर स्कूल ऑफ एमीनेंस बना रही है। शर्मा ने कहा कि बच्चों को बेहतर शिक्षा प्रदान करने के लिए पंजाब में इस समय अकाली दल की सरकार जरूरी है। उन्होंने सभी क्षेत्र वासियों को आहवान किया कि वह 29 मार्च को पंजाब बचाओ यात्रा में शामिल होकर खुद अपने हलके के लिए विकास योजनाएं बनाएं।