चंडीगढ़ | दिल्ली के खाद्य आपूर्ति एवं उद्योग मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा है कि पंजाब के लोग कभी भी आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल को पंजाब से राज्यसभा सदस्य बनने नहीं देंगे। उन्होंने लुधियाना वेस्ट उपचुनाव में संजीव अरोड़ा की हार सुनिश्चित करने की अपील की, जिससे केजरीवाल का यह सपना हमेशा के लिए चकनाचूर हो जाए।
आज यहां जारी एक बयान में सिरसा ने कहा कि केजरीवाल सत्ता के भूखे व्यक्ति हैं, जो बिना सत्ता के रह नहीं सकते। उन्होंने कहा कि दिल्ली में करारी हार के बाद केजरीवाल ने पंजाब के विधायकों को समझाने की कोशिश की कि वे उन्हें अपना नेता चुनें ताकि वह मुख्यमंत्री बन सकें। लेकिन, विधायकों ने साफ इनकार कर दिया और कहा कि यदि वे ऐसा करेंगे तो गांवों में प्रवेश करने पर पंजाबियों का जबरदस्त विरोध झेलना पड़ेगा।
लुधियाना वेस्ट उपचुनाव में संजीव अरोड़ा को हराने की अपील, केजरीवाल के सपने को चकनाचूर करने का आह्वान
उन्होंने कहा कि अब केजरीवाल ने राज्यसभा सदस्य संजीव अरोड़ा को लुधियाना वेस्ट से चुनाव लड़ने के लिए उतारा है और वादा किया है कि जीत के बाद उन्हें मंत्री बनाया जाएगा, ताकि उनकी राज्यसभा सीट खाली हो जाए और वह पंजाब से संसद में प्रवेश कर सकें।
भाजपा के राष्ट्रीय सचिव सिरसा ने आगे कहा कि पंजाब के लोग केजरीवाल की इस योजना को कभी सफल नहीं होने देंगे। वे संजीव अरोड़ा को उपचुनाव में करारी शिकस्त देंगे, जिससे केजरीवाल का राज्यसभा में जाने का सपना अधूरा रह जाएगा। उन्होंने कहा कि लुधियाना उपचुनाव में आम आदमी पार्टी की हार 2027 के विधानसभा चुनाव में आप की विदाई की नींव रखेगी और पार्टी का वही हश्र होगा, जो उसे दिल्ली में देखने को मिला है।