चंडीगढ़/ मानेसर। भारतीय जनता पार्टी ने मानेसर नगर निगम के लिए बुधवार को संकल्प पत्र जारी कर दिया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने मानेसर (गुरुग्राम) के सेक्टर 82 स्थित कासाबेला क्लब हाउस में आयोजित भव्य कार्यक्रम में संकल्प पत्र का विमोचन किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बड़ौली ने कहा कि भाजपा के मेयर प्रत्याशी सुंदर लाल यादव के जीतने पर मानेसर संकल्प पत्र में किया हुआ हर वादा पूरा करेंगे।
श्री बडौली ने कहा कि भाजपा का यह संकल्प पत्र मानेसर निगम क्षेत्र की जनता के सुझावों और आकांक्षाओं का सजीव प्रतीक है। उन्होंने मानेसर की जनता से आग्रह करते हुए कहा कि मानेसर में ट्रिपल इंजन सरकार बनाकर क्षेत्र के विकास का मार्ग प्रशस्त कर दीजिए। निगम क्षेत्र के लोगों का जीवन सरल बनाना भाजपा सरकार की गारंटी है। इस मौके पर भाजपा मेयर प्रत्याशी सुंदर लाल यादव, पूर्व विधायक सत्य प्रकाश जरावता, मनोज शर्मा, आरडब्ल्यूए प्रधान धर्मबीर यादव आदि मौजूद रहे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंडित मोहन लाल बड़ौली ने मानेसर नगर निगम क्षेत्र के संकल्प पत्र का किया विमोचन
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि 2025 के मानसून से पहले जलभराव को रोकना हमारी प्राथमिकता होगी। उन्होंने कहा कि द्वारका एक्सप्रेस-वे से आईएमटी मानेसर रोड (सेक्टर 84, 85, 86, 87, 88, 89, 90, 91) और सेक्टर 77, 78, 79, 80, 81, 82, 83, 84, 92, 93, 95 मेन रोड जैसी मुख्य सड़कों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा ताकि यहां के लोगों को असुविधा ना रहे। उन्होंने कहा कि एनएच-8 पर स्थानीय क्रॉसिंग के लिए अंडरपास विकसित करेंगे जिससे घनी आबादी वाले वार्ड नंबर 10, 11 और 12 के लोगों को राहत पहुंचेगी। सड़क चौड़ीकरण और नई सड़कों के निर्माण पर काम किया जाएगा और सती चौक जैसे इलाकों में ट्रैफिक जाम की समस्या को दूर करने के लिए भाजपा सरकार प्रतिबद्ध होकर काम करेगी।
संकल्प पत्र में दिए गए बिंदुओं पर बोलते हुए श्री बड़ौली ने कहा कि मिशन सुधार शुरू करेंगे जिसके तहत गढ़ी, सिकंदरपुर, नाहरपुर, खो एवं मानेसर में सड़क मरम्मत कार्य को प्राथमिकता देंगे। इस मिशन के तहत मानेसर की हर सड़क को पूरी तरह पक्का किया जाएगा। साथ ही, सभी वाडों में सीवेज निपटान सुविधाओं में सुधार किया जाएगा और सेप्टिक टैंकों की सफाई को साल में दो बार अनिवार्य किया जायेगा। मानेसर सेक्टर 4, 95, हयातपुर, कांकरोला भांगरोला गांव और यदुवंशी स्कूल के पास विशेष कचरा सफाई अभियान चलाए जाएंगे।
पंडित मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि मिशन आवारा पशु प्रबंधन लागू करेंगे जिसमें गौशालाओं की स्थापना, मौजूदा गौशालाओं के सुचारू संचालन की सुनिश्चिता, और निगरानी प्रणाली को मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के सहयोग से औद्योगिक क्षेत्र में नियमित स्वास्थ्य परीक्षण शिविर आयोजित करेंगे ताकि विभिन्न बीमारियों से पीडित लोगों को सहायता मिल सके। “ड्रिंक फ्रॉम टैप मिशन“ शुरू करेंगे, जिसके तहत खराब जल स्तर वाले क्षेत्रों में सार्वजनिक जल शुद्धिकरण प्रणाली स्थापित की जाएगी, ताकि सभी को स्वच्छ पानी उपलब्ध हो सके।
श्री बड़ौली ने कहा कि “स्वच्छ हरियाली योजना“ शुरू की जाएगी जिसके तहत क्षेत्र में सड़क सफाई मशीनें और हर नगर वार्ड में जल छिड़काव की व्यवस्था होगी। हर वार्ड में ऑक्सीजन पार्क, ग्रीन पार्क और जॉगिंग ट्रैक जैसे हरित क्षेत्र विकसित करेंगे ताकि ताकि सभी को स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण मिल सके। कालोनियों को नियमित करने का काम भी सरकार के सहयोग से किया जाएगा। सुगत यातायात के लिए स्मार्ट सिग्नल और रियल-टाइम मॉनीटरिंग के साथ एक एकीकृत ट्रैफिक प्रबंधन प्रणाली लागू की जाएगी। जीएमबीसीएल की बसों के रूट को बढ़ाया जाएगा और पचगांवा और खेड़कीडौला में दो नए हाईटेक बस स्टैंड बनाएँगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हर गांव में कम्युनिटी हॉल और खेल स्टेडियम, मानेसर शहर में आधुनिक श्मशान घाट का निर्माण, मानेसर की उन 76 बल्क वेस्ट जनरेटर सोसायटियों पर लगने वाला गार्बेज टैक्स समाप्त करेंगे। उन्होंने कहा कि गरीब लोगों के बीपीएल कार्ड घर बैठे जारी किए जाएंगे। श्री बड़ौली ने कहा कि नायब सरकार महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सजग है इसलिए मानेसर के प्रमुख मार्गों पर विशेष पिंक बसें शुरू की जाएगी।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि हरियाणा की डबल इंजन की सरकार जनहित में निर्णय लेकर हर वर्ग के लोगों को लाभ पहुंचा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा के सुशासन से खुश है और प्रदेश में ट्रिपल इंजन की सरकार बनाने का मन बना चुकी है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में गरीब का हक उनके घर तक पहुंच रहा है। ट्रिपल इंजन की सरकार बनने पर तीन गुणा तेज गति से विकास के काम होंगे।
श्री बड़ौली ने कहा कि हरियाणा की जनता ने लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाकर सेवा का मौका दिया है। उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि भाजपा मेयर प्रत्याशी और सभी 20 वार्डों के भाजपा प्रत्याशियों को विजयी बनाकर क्षेत्र में 21 कमल के फूल खिलाने का काम करें।
पत्रकार के सवाल पर बोलते हुए पंडित बडौली ने कहा कि भाजपा के लिए कांग्रेस कोई चुनौती नहीं है। निकाय चुनाव में हरियाणा की जनता दिल्ली की तरह प्रदेश में भी कांग्रेस का पूरी तरह से सफाया कर देगी। एक सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा ने संकल्प पत्र में जो वादे किए हैं उन्हें 100 प्रतिशत पूरा करेंगे। कांग्रेस के लोग तो कुछ भी बोल देते हैं कांग्रेस की कथनी और करनी में जमीन आसमान का अंतर है। उन्होंने कहा कि भाजपा जो कहती है वह करके दिखाती है। श्री बड़ौली ने कहा कि मानेसर में ट्रिपल इंजन की सरकार बनेगी और तेज गति से विकास के काम होंगे।