चंडीगढ़। पंजाब पुलिस ने अमृतसर स्थित सीमावर्ती क्षेॠत्र से 30 किलो हेरोइन बरामद की है। यह हेरोइन पाकिस्तान से पंजाब में भेजी गई थी। पंजाब पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने शुक्रवार को सोशल मीडिया एक्स पर यह जानकारी देते बताया कि साल 2025 में अब तक की सबसे बड़ी बरामदगी है।
पुलिस महानिदेशक ने बताया कि उक्त हेरोइन पाकिस्तान से भेजे गए ड्रोन के जरिए घोरिंडा थाना क्षेत्र में फेंकी गई। सूचना के आधार पर अमृतसर देहात पुलिस की टीम ने उक्त हेरोइन की बरामदगी की और एक आरोपी को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया। डीजीपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी बड़े पैमाने पर हेरोइन की तस्करी में शामिल था। उसे हाल ही में सीमा पार ड्रोन के जरिए तस्करी की गई हेरोइन की एक बड़ी खेप मिली थी। आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना घरिंडा में एक एफआईआर दर्ज की गई है। जिसमें एक आरोपी का नाम और बाकियों को अज्ञात में रखा गया है। पुलिस द्वारा मामले में आरोपी के साथियों के बारे में पूछताछ करने के लिए शुक्रवार को आरोपी को कोर्ट में पेश करके रिमांड लिया जाएगा।