सोनीपत | जीवन में ठान लो तो कुछ भी नामुमकिन नहीं, बस कुछ करने के लिए शुरुआत की जरूरत होती है। बेटियां आज हर क्षेत्र में नाम रोशन कर रही हैं। गणतंत्र दिवस के मौके पर हरियाणा सरकार की ओर से सोनीपत जिले में आयोजित गणतंत्र दिवस समारोह में गोहाना स्थित दुभेटा गांव की की 15 साल की बेटी अदिति श्योराण को सम्मानित किया गया। हरियाणा सरकार में मंत्री कृष्ण कुमार बेदी के हाथों अदिति को सम्मान मिला।
हरियाणा सरकार के मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने किया सम्मानित
अदिति को एक्सीलेंस इन स्पोर्ट्स के तहत यह सम्मान दिया गया है। पुरस्कार समारोह में सम्मान पाने वाली अदिति सबसे युवा और एकमात्र महिला खिलाड़ी थी। गांव खानपुर कला स्थित ग्लोबल पब्लिक स्कूल की पूर्व छात्र अदिति इस समय चंडीगढ़ प्रशासन की सेक्टर 16 स्थित क्रिकेट अकादमी में ट्रेनिंग ले रही है। 12 साल की उम्र में क्रिकेट शुरू करने वाली अदिति अभी तक इंटर स्कूल, स्टेट नेशनल और बीसीसीआई की ओर से आयोजित विभिन्न महिला क्रिकेट टूर्नामेंट में हिस्सा ले चुकी है। हाल ही में अदिति का चयन चंडीगढ़ क्रिकेट एसोसिएशन की अंडर 19 महिला क्रिकेट टीम में हुआ था। गुजरात के सूरत में चार से 12 जनवरी तक आयोजित इस टूर्नामेंट में अदिति ने हिस्सा लिया। बीते तीन-चार सालों में विभिन्न प्रतियोगिता में अदिति ने तीन गोल्ड सिल्वर और कई कांस्य पदक हासिल किए हैं। अदिति के गणतंत्र दिवस समारोह के लिए चयन पर अदिति के दादा रघुवीर सिंह श्योराण, दादी मूर्ति देवी ने कहा कि किसी भी युवा खिलाड़ी के लिए सरकार की ओर से सम्मान मिलना उसे और आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करता है।
चंडीगढ़ के सेक्टर 9 के प्रतिष्ठित कार्मेल कान्वेंट स्कूल में नौवीं कक्षा की छात्र हैं। स्कूल प्रिंसिपल सिस्टर शैफाली ने भी गणतंत्र दिवस समारोह पर उनके स्कूल की छात्रा को हरियाणा सरकार की ओर से सम्मानित किए जाने पर बधाई दी है। ग्लोबल पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर और प्रिंसिपल ने भी अदिति को बधाई दी।
अदिति को हाल ही में चंडीगढ़ शिक्षा विभाग की ओर से राजस्थान के उदयपुर में होने वाले 68 में नेशनल स्कूल गेम्स की क्रिकेट टीम के लिए भी चुना गया है। अदिति इस टूर्नामेंट में चंडीगढ़ महिला क्रिकेट टीम का प्रतिनिधित्व भी करेंगी।
यूटी क्रिकेट एसोसिएशन के प्रेसिडेंट संजय टंडन और सेक्रेटरी देवेंद्र शर्मा ने गणतंत्र दिवस समारोह पर सम्मानित किए जाने पर बधाई दी है। दोनों ने कहा कि अदिति एक प्रतिभाशाली खिलाड़ी है और कड़ी मेहनत के दम पर वह जल्द सीनियर टीम में भी स्थान हासिल करेगी।
बेटी ने गांव का गौरव बढ़ाया करेंगे सम्मानित... सरपंच विकास आर्य
गांव के सरपंच विकास आर्य ने कहा कि पहली बार गांव की किसी बेटी को इतनी कम उम्र में हरियाणा सरकार की ओर से यह सम्मान दिया गया है। पूरे गांव के लिए यह गौरव की बात है। ग्राम पंचायत की और से अदिति को सम्मानित किया जाएगा और गांव के गौरवपट्टिका पर अदिति का नाम अंकित किया जाएगा। यह सम्मान गांव की दूसरी बेटियों को भी आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित करेगा।
पहले गर्ल्स गली क्रिकेट में अपनी टीम को बनवाया चैंपियन
चंडीगढ़ के प्रतिष्ठित सेक्टर 9 स्थित कार्मल कान्वेंट स्कूल की छात्रा और चंडीगढ क्रिकेट एसोसिएशन(यूटीसीए) की तरफ से खेलने वाली अदिति ने जुलाई -अगस्त 2024 में आयोजित पहले गर्ल्स गली क्रिकेट टूर्नामेंट में अपने शानदार प्रदर्शन से संयुक्त रूप से अपनी टीम को चैंपियन बनने में अहम भूमिका निभाई थी। अदिति ने सभी मैच में नाबाद रहते हुए चार बार प्लेयर ऑफ द मैच का खिताब भी जीता। स्टेट लेवल पर अदिति गोल्ड सिल्वर और कांस्य पदक विभिन्न खेलों में जीत चुकी है।
29 जनवरी से चंडीगढ़ टीम को नेशनल टूर्नामेंट में करेगी लीड
अदिति 29 जनवरी से 3 फरवरी तक उदयपुर राजस्थान में होने वाले 68 में नेशनल स्कूल गेम्स में चंडीगढ़ महिला क्रिकेट टीम के लिए चुनी गई है। अदिति चंडीगढ़ टीम का नेतृत्व करेंगी। देश भर के सभी राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों से महिला टीम में इस टूर्नामेंट में हिस्सा लगी। इससे पहले चंडीगढ़ क्रिकेट एसोसिएशन के जोनल मुकाबले में भी अदिति अपने टीम की कप्तानी कर चुकी है। हाल ही में बीसीसीआई की ओर से गुजरात सूरत में आयोजित महिला वनडे टूर्नामेंट में अदिति का चंडीगढ़ टीम से हुआ था। इस टूर्नामेंट में अदिति का डेब्यू हुआ। पहले ही मैच में अदिति ने विदर्भ जैसी मजबूत टीम के सामने नाबाद 14 रन की जुझारू पारी खेली।