चंडीगढ़, 08 अक्तूबर ( न्यूज़ अपडेट इंडिया ) । पंजाब के जलालाबाद में मानव रहित फाटक पर हुए ट्रेन व सीमेंट मिक्सर गाड़ी की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार फिरोजपुर से फाजिल्का जा रही डीएमयू ट्रेन जलालाबाद के गांव चक्क सुखेरा के निकट मानव रहित रेलवे क्रासिंग से निकलते समय सीमेंट मिक्सर ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में ट्रेन चालक की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। हादसे में ट्रेन का अगला हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। टक्कर इतनी भयानक थी कि सीमेंट मिक्सर ट्रक पूरी तरह से ट्रेन में घुस गया। इस हादसे के कारण करीब तीन घंटे तक रेल यातायात बाधित रहा। रेलवे पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।