चंडीगढ़। हरियाणा पुलिस ने सडक़ सुरक्षा के क्षेत्र में अहम कदम उठाते हुए राष्ष्ट्रीय राजमार्ग नंबर 44 पर अंबाला से सोनीपत तक गुजरने वाले वाहनों की निगरानी के लिए 128 सीसीटीवी शुरू कर दिए हैं। पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने शनिवार को करनाल में बने सीसीटीवी कंट्रोल रूम से इनका उदघाटन किया। अब इस राजमार्ग से गुजरने वाले सभी वाहनों पर हरियाणा पुलिस की नजर रहेगी और यातायात नियमों की उल्लंघना करने वाले वाहन चालकों के ऑटोमेटिक तरीके से चालान किए जाएंगे। यह सीसीटीवी नियंत्रण कक्ष अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक, यातायात एवं राजमार्ग कार्यालय में स्थापित किया गया है।
पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने बताया कि सडक़ दुर्घटनाओं में कमी लाने तथा यातायात नियमों की पालना सुनिश्चित करने के उद्देश्य से हरियाणा पुलिस द्वारा यह पहल की गई है। हरियाणा पुलिस द्वारा इस राजमार्ग के 19 स्थानों पर 128 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इनमें से 9 स्थानों पर ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रिकॉगनिशन(एएनपीआर) कैमरे तथा 10 स्थानों पर सर्विलांस कैमरे लगाए गए हैं। उन्होंने बताया कि एएनपीआर कैमरों को हरियाणा पुलिस के इंटेलिजेंट टै्रफिक मैनेजमेंट सिस्टम से जोड़ा गया है ताकि वाहनों का पूरा इतिहास प्राप्त किया जा सके।
डीजीपी ने करनाल स्थित सीसीटीवी नियंत्रण कक्ष से किया उद्घाटन , ट्रैफिक नियमों की उल्लंघन करने पर होंगे ऑनलाइन चालान
कपूर ने बताया कि एनएच-44 पर 72 एएनपीआर, 38 सर्विलांस तथा 18 एविडेंस कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों के शुरू होने से यहां से गुजरने वाले वाहन चालकों में सुरक्षा की भावना को भी बल मिलेगा क्योंकि कैमरों के माध्यम से आपराधिक गतिविधियों में शामिल वाहनों, चोरी किए गए वाहनों आदि के बारे में अलर्ट नियंत्रण कक्ष में स्वत: ही पहुंच जाएगा जिसकी सूचना आवश्यकतानुसार पुलिस थानों में भी भेजी जाएगी। कपूर ने बताया हरियाणा प्रदेश में अब तक 10 जिलों में इस प्रकार के कैमरे इंस्टॉल किए गए हैं जिनमें यमुनानगर, कुरूक्षेत्र, करनाल, अंबाला, पानीपत, रोहतक, पंचकूला, गुरूग्राम, फरीदाबाद तथा सोनीपत शामिल हैं।