पंचकूला । श्री श्याम करुणा फाउंडेशन ने पावन माह के उपलक्ष्य में फेज-1, औद्योगिक क्षेत्र, पंचकूला में 148वां अन्न भंडारा आयोजित किया। इस आयोजन का उद्देश्य मानवता की सेवा और समाज में जरूरतमंदों की सहायता करना था। इस अवसर पर फाउंडेशन के प्रमुख सदस्य अनुपमा रुंगटा, चैतन्य रुंगटा, नीतू , और सुरेश जांगड़ा ने सक्रिय रूप से भाग लिया और आयोजन को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।
अमिताभ रुंगटा ने इस मौके पर कहा कि 13 जनवरी से प्रारंभ हुआ महाकुंभ एक अत्यंत पवित्र समय है, जो 144 वर्षों के बाद आया है। इस पावन माह में पुण्य के कार्यों में भाग लेना अत्यंत महत्वपूर्ण है। अन्न भंडारा आयोजित करना सबसे बड़ा पुण्य माना जाता है, क्योंकि यह न केवल आयोजन करने वालों बल्कि अन्न ग्रहण करने वालों को भी पुण्य का भागीदार बनाता है। फाउंडेशन का यह सेवा कार्य समाज में समानता, प्रेम, और सहायता की भावना को प्रोत्साहित करता है।