चंडीगढ़ | हरियाणा के पशुपालन एवं डेयरिंग मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि वीएलडीए (वैटरनरी एंड लाइव स्टॉक डेवलपमेंट असिस्टेंट) की सभी जायज़ मांगों को पूरा किया जाएगा।
आज वे यहां वैटरनरी एंड लाइव स्टॉक एक्सटेंशन एसोसिएशन के प्रतिनिधियों से मुलाक़ात कर रहे थे। इस अवसर पर पशुपालन एवं डेयरिंग विभाग के आयुक्त एवं सचिव विजय सिंह दहिया , निदेशक डॉ एलसी रंगा भी उपस्थित थे।
पशुपालन एवं डेयरिंग मंत्री को एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल में शामिल शील सांगवान एवं बिजेंद्र सिंह ने बताया कि वीएलडीए का पदनाम बदल कर वैटरनरी एंड लाइव स्टॉक एक्सटेंशन ऑफिसर करने की मांग काफ़ी समय से लंबित है जिस पर मंत्री ने इस बारे में उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
वैटरनरी एंड लाइव स्टॉक एक्सटेंशन एसोसिएशन ने पशुपालन मंत्री से मुलाक़ात की
इसके अलावा, बैठक में डिप्लोमा वेटरनरी कॉउंसिल का गठन करने , वीएलडीए के सातवें वेतन आयोग के अनुसार ग्रेड-पे देकर एसीपी लागू करने तथा आगामी ऑनलाइन ट्रांसफर ड्राइव में सभी वीएलडीए की भागीदारी करवाने जैसी मांगों पर भी चर्चा की गई।
पशुपालन एवं डेयरिंग मंत्री श्याम सिंह राणा ने वैटरनरी एंड लाइव स्टॉक एक्सटेंशन एसोसिएशन के प्रतिनिधियों को आश्वासन दिया कि उनकी सभी मांगों की जांच -पड़ताल करवा कर उचित मांगों को जल्द ही पूरा किया जाएगा।