चंडीगढ़। पंजाब सरकार ने लोक सेवा आयोग की सिफारिश पर कार्रवाई करते हुए लारेंस बिश्नोई का जेल में इंटरव्यू करवाने के आरोपी डीएसपी गुरशेर सिंह को नौकरी से निकाल दिया है। सरकार ने यह फैसला गुरुवार की रात लिया।
पंजाब में लोक गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के बाद पंजाब पुलिस लारेंस बिश्नोई को रिमांड पर लेकर आई थी। रिमांड की अवधि के दौरान खरड़ में एक टीवी चैनल द्वारा लारेंस बिश्नोई का इंटरव्यू किया गया था। यह इंटरव्यू करवाने का आरोप डीएसपी गुरशेर सिंह पर लगा था। लंबी जांच व हाईकोर्ट के आदेशों के बाद पंजाब सरकार ने करीब दो माह पहले लोक सेवा आयोग को गुरशेर सिंह की बर्खास्गी के लिए सिफारिश की थी। लोक सेवा आयोग की स्वीकृति मिलने के बाद गृह विभाग पंजाब ने गुरुवार की रात गुरशेर सिंह को नौकरी से बर्खास्त कर दिया।