चंडीगढ़। पंजाब पुलिस ने अमृतसर जिले में पुलिस थाने पर ग्रेनेड हमला करने के आरोप में दो आरोपियों को गिरफ्तार करके हथियार व ग्रेनेड बरामद किया है। पंजाब पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने शनिवार को बताया कि पुलिस स्टेशन इस्लामाबाद पर हैंड ग्रेनेड फेंकने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस नार्को-टेरर मॉड्यूल को विदेश में बैठे ऑपरेटर चला रहे थे।
आरोपियों ने 17 दिसंबर को इस्लामाबाद थाने पर ग्रेनेड हमला किया था। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों गुरजीत सिंह (निवासी डांडे, अमृतसर ग्रामीण) और बलजीत सिंह (निवासी छप्पा, तरनतारन) को गिरफ्तार किया है। ये दोनों आरोपी न केवल इस हमले में शामिल थे बल्कि ड्रग्स और हथियारों की तस्करी के जरिए देश में आतंकी गतिविधियों को बढ़ावा दे रहे थे।
अब तक की जांच में पुलिस ने इन आरोपियों के पास से 1.4 किलो हेरोइन, 1 हैंड ग्रेनेड और 2 पिस्तौल बरामद की हैं। इस बरामदगी से साफ होता है कि संगठित तरीके से भारत में नशा और हिंसा फैलाने की कोशिश की जा रही है।
इस मामले की जांच के दौरान पता चला है कि गिरफ्तार आरोपी विदेश में बैठे संचालकों के निर्देश पर काम कर रहे थे। बब्बर खालसा इंटरनेशनल के आतंकी हैप्पी पासियां, साथी जीवन फौजी औरी गोपी नवांशहरिया पहले ही इस हमले की जिम्मेदारी ले चुके हैं। पुलिस के अनुसार इस मॉड्यूल से जुड़े अन्य लोगों को पकडऩे के लिए जांच तेज कर दी गई है। अभी तक इन दो आरोपियों को मिला कर पुलिस हैप्पी पासियां के 16 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। जबकि, तीन आरोपी यूपी में मारे गए थे। यूपी में मारे गए आरोपी, गुरदासपुर में ब्लास्ट कर यूपी भाग गए थे।