चंडीगढ़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'सहकार से समृद्धि के संकल्प' को अमलीजामा पहनाने के लिए हरियाणा में सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने प्रदेश में गांव, महिला, किसान व युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के मकसद से जिला स्तरीय सहकारिता जागरूकता अभियान चलाने का निर्णय लिया है, जिसमें सहकारी संस्थाएं एक ही मंच पर बड़ी आबादी को आत्मनिर्भरता की राह दिखाएंगी। इस अभियान की शुरुआत गोहाना से होने जा रही है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व की सरकार प्रदेश में युवाओं को बिना पर्ची-बिना खर्ची के योग्यता के आधार पर युवाओं को रोजगार अवसर उपलब्ध करवा रही है, वहीं अब युवाओं को आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में अपार संभावनाएं उपलब्ध करवाने के लिए प्रदेश के सहकारिता मंत्रालय ने कमर कस ली है। भाजपा की लगातार तीसरी बार की सरकार में सहकारिता मंत्रालय सम्भाल रहे डॉ अरविंद शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व केंद्रीय सहकारिता मंत्री अमित शाह के लक्ष्यों को गम्भीरता से पूरा करने के लिए जमीनी स्तर पर अभियान छेड़ दिया है। कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा के निर्देश पर सहकारिता विभाग व उनके सहयोगी संस्थाओं द्वारा जिला स्तरीय सहकारिता जागरूकता अभियान शुरू करने का खाका तैयार कर लिया गया है। इसकी शुरूआत सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा के जिला व विधानसभा गोहाना से की जा रही है।
सहकारी संस्थाओं, जनप्रतिनिधियों व युवाओं को 'सहकार से समृद्धि' का मंच देने की तैयारी
हरियाणा सहकारी समितियों के रजिस्ट्रार राजेश जोगपाल ने बताया है कि सहकारी संस्थाओं द्वारा पहला जिला स्तरीय सहकारिता जागरूकता अभियान सोनीपत के गोहाना में 26 दिसम्बर को आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में 10 स्टालों के माध्यम से सहकारी संस्थाओं की योजनाओं व उनमें ग्रामीण क्षेत्रों के विकास, किसान, महिलाओं, विशेषकर युवाओं के लिए उपलब्ध अवसरों की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। इस मंच पर अलग-अलग योजनाओं के सफल स्वयं सहायता समूह, पैक्स आदि के प्रतिनिधि अपने-अपने प्रोजेक्ट की विस्तार से जानकारी देंगे। इस अभियान में हैफेड, डेयरी फेडरेशन, हरको बैंक, लेबर फेडरेशन, हरियाणा राज्य सहकारिता कृषि ग्रामीण विकास बैंक के साथ-साथ पंचायती राज्य संस्थाओं के चुने हुए प्रतिनिधि व युवाओं को इसमें भागीदारी करने के लिए आमंत्रित किया गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर किसान, गरीब, किसान, महिला व युवा के उत्थान के लिए सहकारिता से जोड़ने का संकल्प लिया है। हमने योजना बनाई है कि जिला स्तर पर कार्यक्रम आयोजित करते हुए हर वर्ग को सहकारिता के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने व प्रदेश, राष्ट्र की मजबूती में योगदान देने का अवसर प्रदान किया जाए। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अगुवाई में हम इसकी शुरुआत 26 दिसम्बर को गोहाना से करने जा रहे हैं डॉ अरविंद शर्मा, सहकारिता मंत्री हरियाणा।