चंडीगढ़ | समय पर मिलने वाली प्राथमिक सहायता घायल व्यक्ति के प्राणों की रक्षा करने में सहायक होती है उक्त उद्बोधन भारतीय रेड क्रॉस समिति एवं सेंट जॉन एंबुलेंस भारत, हरियाणा राज्य शाखा के राज्य महासचिव डॉ मुकेश अग्रवाल ने सैंट जॉन एंबुलेंस (भारत), हरियाणा राज्य केंद्र द्वारा 17 से 19 दिसंबर 2024 तक पंजाबी धर्मशाला कुरुक्षेत्र में आयोजित किए जा रहे तीन दिवसीय राज्य स्तरीय ब्रिगेड इंचार्ज एवं स्वयंसेवक प्रशिक्षण शिविर के समापन समारोह के अवसर पर मुख्य अतिथि के रुप में बोलते हुए प्रकट किए।इससे पूर्व डॉ मुकेश अग्रवाल का कार्यक्रम में पहुंचने पर डॉ सुनील कुमार, सचिव, जिला रैडक्रास कुरुक्षेत्र एवं शिविर निदेशक संजीव धीमान द्वारा गुलदस्ता देकर स्वागत किया गया।
डॉ अग्रवाल ने रैड क्रॉस के संस्थापक सर जीन हेनरी डुनांट, युवाओं के प्रेरणा स्रोत स्वामी विवेकानंद एवं भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित किया एवं पुष्प अर्पित किए । उन्होंने कहा कि सैंट जॉन एंबुलेंस एसोसिएशन का गठन 19वीं शताब्दी में इंग्लैंड में औद्योगिक क्रांति के परिणाम स्वरूप हुआ तथा 18 जुलाई 1870 में इंग्लैंड में सेंट जॉन के आर्डर तथा 1864 में जिनेवा कन्वेंशन को मध्य नजर रखते हुए हुआ। जिससे उद्योगों मे काम कर रहे मजदूरों को प्राथमिक सहायता का प्रशिक्षण दिए जाने लगा। सैंट जॉन एंबुलेंस एक मानवतावादी स्वैच्छिक संस्था है जो बीमार तथा घायलों की युद्ध, शांति या दोनों समय में सेवा करती है। यह लोगों के बीच राष्ट्रीयता, संप्रदाय, जाति,रंग अथवा स्थान के आधार पर भेदभाव नहीं करती।
भारत में सेंट जॉन एंबुलेंस की स्थापना 1912 में हुई। 1920 में भारतीय रेड क्रॉस एक्ट बनने के बाद 1934 में यह संस्था रेड क्रॉस के साथ सम्बद्ध हो गई और रैड क्रॉस के सहयोगी संस्था के रूप में काम करने लगी। वर्ष 1971 से हरियाणा में यह संस्था काम कर रही है l डॉ मुकेश अग्रवाल ने प्रतिभागियों को अवगत कराया कि हरियाणा रेड क्रॉस द्वारा 25 जुलाई 2023 से 9 सितंबर 2023 तक सी.पी.आर मोबाइल वैन द्वारा हरियाणा प्रदेश के 66124 लोगों को सीपीआर में प्रशिक्षित किया गया।सभी जिलों में इस मोबाइल वैन में एलईडी के माध्यम से लोगों को लघु फिल्म दिखाई गई जिसमें यह बताया गया कि कोई भी व्यक्ति यदि दिल का दौरा पड़ने पर मूर्छित हो जाता है तो उस व्यक्ति को सीपीआर देकर किस प्रकार बचाया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे ग्रामीण स्तर पर रेड क्रॉस मित्र तैयार करना चाहते हैं ताकि रेड क्रॉस की गतिविधियों को ग्रामीण स्तर पर बढ़ाया जा सके। उन्होंने कुरूक्षेत्र की पावन धरा पर भगवान श्री कृष्ण के संदेश से युवाओ को अवगत कराया और उनकी प्रेरणा को लेकर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
शिविर निदेशक संजीव धीमान ने मुख्य अतिथि को शिविर की गतिविधियों के बारे में बताया कि प्रतिदिन प्रातः योगा से शुरुआत होती थी। उन्होंने यह भी कहा कि हरियाणा प्रदेश के 21 जिलो से आए हुए कुल 84 प्रतिभागियों द्वारा इस ब्रिगेड शिविर में ज्ञान अर्जित किया गया। शिविर निदेशक ने यह भी बताया कि इस शिविर को सफल बनाने में उनकी टीम का पूर्ण सहयोग है। जिनके प्रयासों के बिना शिविर की सफलता की कल्पना नहीं की जा सकती।
कार्यक्रम के अंत में शिविर निदेशक संजीव धीमान द्वारा प्रतिभागियों की ओर से मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह प्रदान किया गया। मास्टर ट्रेनर अंजू शर्मा ने मंच संचालन किया।
इस अवसर राज्य मास्टर ट्रेनर चंद्रपाल,जिला प्रशिक्षण अधिकारी अंजू कश्यप, दर्शन भाटिया, मोहिनी शर्मा, विपिन अरोड़ा, एचएस सैनी, हरियाणा राज्य मुख्यालय से अनिल धीमान, सहायक, चंद्र मोहन, सूरज मौर्य मुख्य रूप से उपस्थित रहे l