चंडीगढ़ | हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने आज अम्बाला छावनी के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में आयोजित जनता कैंप के दौरान दिव्यांग की पेंशन लगाने में देरी एवं लापरवाही करने वाले सामाजिक, न्याय एवं अधिकारिता विभाग के इन्वेस्टिगेटर अवतार सिंह को सस्पेंड करने के निर्देश दिए।
अम्बाला छावनी विधानसभा क्षेत्र की जनता की समस्याएं सुनने के लिए हर सोमवार लगाए जाने वाले जनता कैंप के दौरान विज आज तल्ख तेवर में दिखे। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों द्वारा विकास कार्यों में देरी करने पर मौके पर मौजूद विभाग के एक्सईएन को फटकार लगाई तथा कार्यों को अविलंब प्रारंभ करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार बिजली, नगर परिषद व पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली से वह नाखुश दिखे और उन्होंने संबंधित शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए। जनता कैंप के दौरान सैकड़ों शिकायतें कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने सुनी और अधिकारियों को सख्त लहजे में उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि “इन शिकायतों का उनके अगले कैंप से पहले निवारण होना चाहिए, नहीं तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ वह सख्त कार्रवाई करेंगे।”
शिकायत पर कार्रवाई नहीं करने पर भड़के कैबिनेट मंत्री अनिल विज, बोले “जनता कैंप में तारीख पर तारीख नहीं, बल्कि इंसाफ होगा”
आज जनता कैंप के दौरान अम्बाला के एडीसी डा. ब्रह्मजीत सिंह, डीएसपी सुरेश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों के अलावा भाजपा नेता जसबीर सिंह जस्सी, किरणपाल चौहान, संजीव सोनी, आशीष अग्रवाल, भरत कोछड़, रवि सहगल, बलकेश वत्स एवं अन्य मौजूद रहे।
जनता कैंप में तारीख पर तारीख नहीं, बल्कि इंसाफ होगा : कैबिनेट मंत्री अनिल विज
जनता कैंप में दिव्यांग ने उसकी पेंशन से संबंधित कार्रवाई सामाजिक, न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा नहीं करने की शिकायत दी। विकलांग ने मंत्री अनिल विज को बताया कि वह बीते दो दिसंबर को जनता कैंप में पेश हुआ था और उन्होंने विभाग को उसकी समस्या जल्द हल करने के निर्देश दिए थे, मगर विभाग द्वारा दो सप्ताह में उसकी जन्मतिथि तक को वेरीफाई नहीं किया गया। इसपर खफा हुआ मंत्री अनिल विज ने मौके पर ही विभाग के इन्वेस्टीगेटर अवतार सिंह को सस्पेंड करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रार्थी को पेंशन के लिए चक्कर पर चक्कर लगाने पड़ रहे थे और यह तो वहीं बात हुई तारीख पे तारीख, इंसाफ नहीं मिला जज साहब, मेरे यहां ऐसा नहीं होगा।
सिंचाई विभाग के अधिकारी को फटकार, जल्द विकास कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए
जनता कैंप के दौरान खोजकीपुर एवं रामपुर सरसेहड़ी के निवासियों ने काज-वे एवं टांगरी बंधे को लेकर समस्या बताई जिसपर कैबिनेट मंत्री अनिल विज ने मौके पर ही मौजूद विभाग के एक्सईएन से टेंडरों को लेकर जानकारी मांगी। टेंडर अलॉट करने में हो रही देरी पर उन्होंने अधिकारी को फटकार लगाते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसी प्रकार महेशनगर ड्रेन को सिंचाई विभाग के क्षेत्र में पक्का नहीं किए जाने को लेकर भी उन्होंने फटकार लगाई। उन्होंने कहा ड्रेन का कुछ हिस्सा सिंचाई विभाग की ओर से पक्का बनाया जाना है तो इसमें देरी क्यों की जा रही है।
सफाई कर्मियों को वेतन नहीं मिलने पर श्रम मंत्री अनिल विज सख्त, श्रम विभाग को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए
श्रम मंत्री अनिल विज के समक्ष जनता कैंप में सफाई कर्मचारियों को पिछले तीन महीने से वेतन नहीं मिलने की शिकायत पहुंची। कर्मचारियों ने बताया कि वह डोर-टू-डोर ठेकेदार के पास काम करते है, मगर उन्हें तीन माह का वेतन नहीं मिला। इसपर श्रम मंत्री अनिल विज ने श्रम विभाग के अधिकारियों को मामले में जांच और ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा जिसके भी खिलाफ कार्रवाई बनती है उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाए।
इसी प्रकार अम्बाला शहर में एक दुकान पर काम करने वाले युवक ने बताया कि वह डेढ़ वर्ष से शोरूम पर काम कर रहा है, मगर उसे तनख्वाह नहीं दी गई है। इस मामले में भी उन्होंने श्रम विभाग को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। इसी प्रकार पुलिस से जुड़े अलग-अलग मामलों में उन्होंने आईजी अम्बाला की अध्यक्षता में एसआईटी गठित कर जांच के निर्देश दिए।