दमिश्म | सीरिया में असद सरकार के पतन के बाद विदेशी देशों के हमले तेज हो गए हैं। इजराइल ने सीरिया के दक्षिणी, अमेरिकी ने मध्य और तुर्किये से जुड़े रिबेल फोर्स ने उत्तरी इलाके पर हमला किया। तुर्किये रिबेल फोर्स ने सीरिया के उत्तरी इलाके मनबिज पर कब्जा कर लिया है। कुर्दिश सीरियन डेमोक्रेटिक फोर्स (SFD) का मनबिज पर 8 साल से कब्जा था। साल 2016 में SDF ने ISIS को हराकर यहां पर कंट्रोल हासिल किया था, लेकिन सोमवार को इस पर सीरियन नेशनल आर्मी ने हमला कर कब्जा कर लिया।
सीरियन नेशनल आर्मी को तुर्किये का समर्थन हासिल है। रॉयटर्स के मुताबिक मनबिज में SDF की हार के बाद कुर्द लड़ाकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए अमेरिका और तुर्किये के बीच सोमवार को समझौता हुआ है। इस बीच तुर्किये के राष्ट्रपति एर्दोगन ने इस जीत पर कहा कि वे मनबीज से ‘आतंकियों’ के सफाए का स्वागत करते हैं।
इजराइल ने दमिश्क में 100 से ज्यादा मिसाइल हमले किए
दूसरी तरफ इजराइली वायु सेना के लड़ाकू विमानों ने सोमवार को सीरिया में 100 से ज्यादा हवाई हमले किए। अलजजीरा के मुताबिक ये हमले राजधानी दमिश्क के पास बरजाह साइंटिफिक रिसर्च सेंटर के पास हुए।
उत्तरी इलाके पर कब्जा किया, दमिश्क में हथियारों के ठिकानों पर इजराइल के 100+ हमले
इजराइली विदेश मंत्री गिदोन सार ने माना है कि इजराइल ने हथियार ठिकानों पर हमला किया है। दरअसल, पश्चिमी देशों को आशंका है कि असद सरकार ने यही पर रासायनिक हथियार छुपा रखे हैं। अब इजराइल को डर है कि कहीं सीरियाई विद्रोहियों के हाथ ये हथियार न लग जाएं।
दमिश्क से सिर्फ 21 किमी दूर पहुंची इजराइली सेना
इससे पहले इजराइल ने 50 साल में पहली बार सीरिया बॉर्डर पार कर वहां के गोलान हाइट्स वाले हिस्से में अपनी सेना भेजकर बफर जोन पर कब्जा कर लिया था। अलजजीरा ने लेबनान से जुड़ी मीडिया रिपोर्ट्स के हवाले से बताया है कि इजराइली सेना अब बफर जोन की सीमाओं से आगे निकल चुकी है।
रिपोर्ट के मुताबिक अब इजराइली सेना दक्षिणी सीरिया के कटाना शहर के पास पहुंच चुके हैं, जो कि राजधानी दमिश्क से सिर्फ 21 किमी की दूरी पर है। रिपोर्ट में ये भी कहा गया है कि इजराइली सैनिक दमिश्क के बाहरी इलाके के कई गांवों में भी घुस गए हैं।
इससे पहले अमेरिका ने मध्य सीरिया में आतंकवादी संगठन ISIS के ठिकानों पर 75 से ज्यादा हवाई हमले किए। अमेरिकी सेंट्रल कमांड के मुताबिक, इस हमले में B-52 बॉम्बर और F-15E फाइटस जेट्स का इस्तेमाल हुआ। इन हमलों में ISIS के कई लड़ाकों और उनके ठिकानों को नष्ट कर दिया गया।
सीरिया में विद्रोहियों का ऐलान, महिलाओं के पहनावे पर रोक नहीं लगाएंगे
राष्ट्रपति बशर असद को अपदस्थ करने वाले सीरिया के हयात तहरीर अल शाम (HTS) के विद्रोहियों ने कहा कि वे महिलाओं पर कोई धार्मिक ड्रेस कोड नहीं थोपेंगे। साथ ही उन्होंने सीरिया में सभी समुदाय के लोगों के लिए व्यक्तिगत स्वतंत्रता की गारंटी देने की कसम खाई है।
न्यूज एजेंसी के मुताबिक विद्रोही गुट के जनरल कमांड ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में साफ किया है कि महिलाओं के पहनावे में दखल नहीं दी जाएगी। बता दें कि अबू मोहम्मद अल जुलानी के नेतृत्व में HTS के विद्रोहियों ने राजधानी दमिश्क पर कब्जा करने के बाद संगठन की छवि सुधारने में जुटा है। कभी अल कायदा का सदस्य रहे जुलानी अब खुद को दुनियाभर में सुधारवादी के रूप में पेश कर रहे हैं।
उधर ब्रिटेन ने कहा कि वे जल्द ही HTS को आतंकी संगठन की लिस्ट से हटाने को लेकर फैसला करेंगे। ब्रिटिश सरकार में राष्ट्रीय सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रहे पैट मैकफैडेन ने कहा कि सरकार HTS को ब्लैक लिस्ट से हटाने पर विचार कर रही है।