अमृतसर। पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिंह ने फार्मास्यूटिकल कंपनियों को आहवान किया है कि वह सरकारी अस्पतालों को अडाप्ट करके अपनी सेवाओं का दायरा बढ़ाएं ताकि अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके।
स्वास्थ्य मंत्री अमृतसर में चल रहे 18वें पंजाब इंटरनेशनल ट्रेड एक्सपो के दौरान शनिवार को आयोजित पंजाब फार्मास्यूटिकल हेल्थ एंड वेलनेस कान्कलेव के उदघाटन अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने फार्मा कंपनियों को आहवान किया कि वह पंजाब में अपनी प्रोडक्शन को बढाएं। राज्य सरकार उनकी हर संभव मदद करेगी। उन्होंने कंपनियों को विश्व स्तरीय उत्पाद बनाने का आहवान करते हुए कहा कि स्वास्थ्य के क्षेत्र में विश्व स्तरीय उपकरण मिलने से पंजाब के लोगों को लाभ मिलेगा।
सरकारी अस्पतालों को अडाप्ट करें फार्मा कंपनियां: बलबीर सिंह
सरकार प्रदेश की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया करवाने के लिए वचनबद्ध है। जिसके चलते पिछले 30 महीने में 800 से अधिक नए आम आदमी क्लीनिक खोले गए हैं। बलबीर सिंह ने कहा कि इन क्लीनिक में अभी तक 72 लाख से अधिक टेस्ट मुफ्त में किए गए हैं। यह आंकड़ा छोटा नहीं हैं। क्योंकि 2 करोड़ के करीब लोगों ने आम आदमी क्लीनिक में इलाज करवाया है। पंजाब में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार का ऐलान करते हुए बलबीर सिंह ने कहा कि अब तक सरकार ने 45 हजार से अधिक युवाओं को नौकरियां दी हैं। स्वास्थ्य विभाग में 1900 भर्तियां की गई हैं। प्रदेश में 1390 डाक्टरों की नई भर्तियां प्रक्रिया में हैं। 400 के लिए विज्ञापन जारी हो चुका है।
इस अवसर पर बोलते हुए पीएचडीसीसीआई के डिप्टी सैक्टरी जनरल नवीन सेठ ने कहा कि चैंबर का इस आयोजन के दौरान यह पहला प्रयास है। आने वाले समय में इसका विस्तार किया जाएगा। इस अवसर पर विधायक इंद्रबीर सिंह निज्जर, पीएचडीसीसीआई रीजनल फार्मास्यूटिकल हेल्थ एंड वेलनेस कमेटी के संयोजक सुप्रीत सिंह, पीएचडीसीसीआई की क्षेत्रीय निदेशक भारती सूद के अलावा कई गणमान्य मौजूद थे।