नई दिल्ली | सीरिया के 2 बड़े शहरों में विद्रोही गुट हयात तहरीर अल शाम के कब्जे के कारण हालात तेजी से बिगड़ रहे हैं। इसी बीच भारतीय विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार देर रात सीरिया की यात्रा और वहां रहने वाले भारतीय मूल के लोगों के लिए दिशानिर्देश जारी किए हैं।
विदेश मंत्रालय ने कहा- सीरिया की मौजूदा स्थिति को देखते हुए भारतीय नागरिकों को अगली सूचना तक सीरिया की यात्रा से बचने की सलाह दी जाती है। वहां रह रहे भारतीय लोगों से अपील की जाती है कि वे बहुत जरूरी होने पर ही बाहर निकलें।
मंत्रालय ने कहा कि सीरिया में रह रहे भारतीय लोग अपडेट के लिए दमिश्क में भारतीय दूतावास के आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर +963 993385973 (व्हाट्सएप पर भी) और ईमेल आईडी hoc.damascus@mea.gov.in पर संपर्क में रहें।
वहां रह रहे लोग दूतावास के संपर्क में रहे , विद्रोही बोले- सीरिया की सरकार को उखाड़ फेंकेंगे
दरअसल, सीरिया में विद्रोही समूह हयात तहरीर अल शाम (HTS) ने अलप्पा शहर के बाद शुक्रवार को हमा शहर पर भी कब्जा जमा लिया है। इसके बाद HTS के लड़ाके होम्स शहर की तरफ बढ़ गए। उन्होंने होम्स के कुछ इलाके पर कब्जा भी कर लिया है।
इसे पूरी तरह से कब्जाने के बाद वे राजधानी दमिश्क की ओर बढ़ सकते हैं। सीरिया की सेना उन्हें रोकने की कोशिश कर रही है। सेना को रूस की आर्मी का भी समर्थन मिला हुआ है। विद्रोही के नेता अबू मोहम्मद अल-जोलानी ने कहा कि राष्ट्रपति बशर अल-असद की सरकार को उखाड़ फेंकना ही हमारा मकसद है।
भारतीय विदेश मंत्रालय ने कहा- हम नजर बनाए रखे हुए हैं
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने शुक्रवार को सीरिया के हालात को लेकर कहा- हमने सीरिया के उत्तरी भाग में हाल ही में बढ़ी लड़ाई पर ध्यान दिया है। हम स्थिति पर बारीकी से नजर रख रहे हैं।
सीरिया में लगभग 90 हजार भारतीय नागरिक हैं, जिनमें से 14 विभिन्न संयुक्त राष्ट्र संगठनों में काम कर रहे हैं। हमारा मिशन अपने नागरिकों की सुरक्षा करना है।
न्यूज एजेंसी के मुताबिक सीरियाई सेना ने विद्रोहियों को रोकने के लिए होम्स और हमा को जोड़ने वाली हाईवे पर हवाई हमले कर उसे नष्ट कर दिया है। होम्स शहर, हमा से सिर्फ 40 किमी की दूरी पर है।
हमा पर कब्जे के बाद होम्स शहर में रहने वाले शिया समुदाय के लोग शहर से भागने लगे हैं। HTS के विद्रोहियों को रोकने के लिए रूसी सेना ने कई मिसाइलें दागी हैं, लेकिन वे उनकी बढ़त को रोक नहीं पाए हैं।