अमृतसर। पीएचडी चैंबर ऑफ कामर्स एंड इंडस्ट्री के अध्यक्ष हेमंत जैन ने पंजाब सरकार से आहवान किया है कि प्रदेश में फूड प्रोसैसिंग उद्योगों को बढ़ावा दिया जाए ताकि प्रदेश में बेरोजगारी व किसानों की समस्याओं का समाधान हो सके। हेमंत जैन शुक्रवार को अमृतसर में चल रहे पंजाब इंटरनेशनल ट्रेड एक्सपो के औपचारिक उदघाटन के अवसर पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि भारत का भविष्य फूड प्रोसैसिंग उद्योग हैं। इससे कई समस्याओं का समाधान होगा। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी का रूझान प्रोसैसड फूड की तरफ अधिक है। किसान को इस समय अपने उत्पाद के लिए आधुनिक मंडी की जरूरत है। ऐसे में अगर फूड प्रोसैसिंग उद्योगों को प्रोत्साहित किया जाएगा तो किसानों को उनकी फसल के बेहतर दाम मिल सकेंगे। इससे बेरोजगारी की समस्या का भी समाधान होगा।
पाईटैक्स का अवलोकन करने पहुंचे पीएचडीसीसीआई के अध्यक्ष
हेमंत जैन ने कहा कि पीएचडीसीसीआई द्वारा पाईटैक्स का विस्तार करने का फैसला किया गया है। आने वाले वर्षों में पाईटैक्स को नए स्वरूप में पेश किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्ष 2005 में 50 कारोबारियों की मदद से शुरू किए गए पाईटैक्स में इस बार 600 से अधिक स्टॉल लगे हुए हैं। आगामी वर्षों के दौरान इसमें कुछ नए फीचर शामिल किए जाएंगे। पाईटैक्स पंजाब का सबसे प्रचलित कार्यक्रम बन चुका है।