चंडीगढ़। पंजाब के चार विधानसभा क्षेत्रों में हुए उपचुनाव के दौरान चार हलकों में जहां 63.91 प्रतिशत मतदान हुआ है वहीं गिद्दड़बाहा विधानसभा हलके में सबसे अधिक 81.90 प्रतिशत मतदान हुआ है। बुधवार को हुए मतदान के बाद गुरुवार को राज्य निर्वाचन आयोग ने चारो विधानसभा क्षेत्रों में हुए मतदान की फाइनल रिपोर्ट जारी कर दी है।
राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार डेराबाबा नानक विधानसभा हलके में 64.01 प्रतिशत मतदान हुआ है। इसके अलावा चब्बेवाल हलके में 53.43 प्रतिशत, बरनाला हलके में 56.34 प्रतिशत मतदान हुआ है। इस बीच निर्वाचन आयोग ने आज अधिकारियों से बातचीत करके मतगणना केंद्रों की तैयारियों का जायजा लिया। डेराबाबा नानक विधानसभा हलके की मतगणना सुखजिंद्र ग्रुप ऑफ इंस्टीटयूट, चब्बेवाल हलके के लिए रयात एंड बाहरा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट होशियारपुर, गिद्दड़बाहा हलके के लिए गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल गिद्दड़बाहा तथा बरनाला हलके के लिए एसडी कॉलेज ऑफ एजुकेशन बरनाला में मतगणना की जाएगी।