फाजिल्का,5 नवंबर ( न्यूज़ अपडेट इंडिया ) । बीएसएफ ने भारत-पाकिस्तान सीमा पर तारबंदी के पार भारतीय क्षेत्र में दो जगहों से पांच किलो 70 ग्राम हेराइन बरामद की है। यहां से बीएसएफ को पाकिस्तानी पहचान पत्र, एक डायरी, माला, एक कागज का टूकड़ा और 630 की पाकिस्तानी करंसी बरामद हुई है। इस बीच दो किलोग्राम हेरोइन के मामले में बीएसएफ ने शक के आधार पर एक व्यक्ति पर केस दर्ज करवाया है।
अबोहर रेंज के डीआइजी मधुसूदन ने बताया कि जोधेवाला भैणी के पास एक खेत से सर्च ऑपरेशन के दौरान जमीन में दबाकर रखी गई दो किलो हेरोइन बरामद की गई है। साथ ही वहां पाकिस्तान के एक व्यक्ति का पहचान पत्र (पर्सनल आइडेंटिटी कार्ड) व पाकिस्तानी करंसी के 630 रुपये भी मिले हैं। दोनों चीजें एक थैले से बरामद हुई हैं। एक डायरी भी मिली है जिस पर काफी संख्या में फोन नंबर लिखे हैं।
एक माला, करीब एक ग्राम अफीम व एक कागज जिस पर डाक्टर इमरान का नाम लिखा है। बरामद पहचान पत्र पर मुहम्मद आरिफ पुत्र अहमदीन तहसील व जिला कसूर, 2 विजिटिंग कार्ड गुलाम फरीद व एक पाकिस्तानी एडवोकेट का है। इस मामले में गांव घुरका के मंगत सिंह के खिलाफ केस दर्ज करवाया गया है।
डीआइजी ने बताया कि बीएसएफ को आशंका है कि इस क्षेत्र में पाकिस्तानी तस्करों की आमद हो सकती है, इसलिए पुलिस का डॉग स्क्वायड सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एक अन्य मामले में बीएसएफ ने जलालाबाद के पास नौबहराम चौकी के निकट जमीन में दबाकर रखे गए हेरोइन के छह पैकेट पकड़े हैं। इन पैकेट्स में तीन किलो 70 ग्राम हेरोइन बरामद हुई है।