पटियाला,5 नवंबर ( न्यूज़ अपडेट इंडिया ) । जेलों में नशा पहुंचाने की आरोपी कांस्टेबल करमजोत कौर उर्फ ज्योति गैंगस्टर कुलप्रीत सिंह उर्फ नीटा देयोल के साथ फोन पर बात करने के अलावा वाट्सएप पर चैट भी करती थी। यह चैटिंग नीटा के दोस्त गैंगस्टर सुखचैन सिंह सुक्खी के साथ भी होती रही है। उक्त गैंगस्टर के पास यह स्मार्टफोन सहायक जेल सुपरिंटेंडेंट रूपा सिंह की मदद से पहुंचा था, क्योंकि गैंगस्टर की बैरक का इंचार्ज वही था। फिलहाल यह गैंगस्टर कपूरथला जेल में बंद है, क्योंकि सेंट्रल जेल के अंदर गैंगस्टर्स की गैंगवार के कारण इन्हें एक से दूसरी जेल में लगातार शिफ्ट किया जा रहा है। इसे केंद्रीय जेल पटियाला से कपूरथला इसी साल अगस्त में शिफ्ट किया गया था।
इसके अलावा इस बैरक में नंबरदार बनकर काम करने वाला कत्ल केस में सजा काट रहा कैदी रमेश भी फोन और गैंगस्टर्स के कैश के लेनदेन में शामिल था। यह सब जानकारी सीआइए स्टाफ राजपुरा की टीम ने पूछताछ में हासिल की है। ज्योति की फोन कॉल डिटेल व वाट्सएप चैटिंग का डाटा इकट्ठा करने के लिए पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। इसकी पुष्टि करते हुए एसपी डी एचएस विर्क ने कहा कि हर पहलू पर जांच कर रहे हैं। आरोपियों को प्रॉडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ करेंगे। फिलहाल अभी तक हासिल जानकारी को पुख्ता करने से सुबूत इकट्ठे कर रहे हैं।
गैंगस्टर्स के खाते में पैसे जमा करवाती थी कांस्टेबल
जेल में कैदी को खाने-पीने व अन्य सामान खरीदने के लिए पैसों की जरूरत होती है, जिसे उनके जानकार जेल में अधिकारियों के पास जमा करवाते हैं। इन पैसों को वेलफेयर आफिसर के पास जमा करवाने के बाद कूपन जारी होते हैं। आरोपी ज्योति इन गैंगस्टर्स के खाते में हर हफ्ते दस हजार से लेकर 25 हजार रुपये तक जमा करवाती थी। वह इन पैसों को जमा करवाने वाले का नाम नहीं लिखवाती थी।
नशे के पैकेट गैंगस्टर्स को पहुंचाने के बाद इन लोगों से कूपन हासिल करने के बाद आरोपी कैदी रमेश आफिस में जाकर कैश करवाकर खुद कमाई करने लगा। इन पैसों को अपने लोगों को देने के लिए भी ज्योति का ही सहारा लिया जाता रहा है। हैरानी की बात तो यह है कि गैंगस्टर्स के खातों में इतनी रकम जमा व निकलवाने को लेकर जेल अधिकारियों ने कभी चेकिंग ही नहीं की। अब सीआइए स्टाफ इस जानकारी के आधार पर जेल प्रबंधकों से रिकार्ड मांगकर वेरीफिकेशन करेगा और इसकी रिपोर्ट सीनियर अधिकारियों के जरिए गृह मंत्रालय आफिस भेजी जाएगी।
आरोपी कैदी रमेश दो दिन के रिमांड पर
गैंगस्टर व जेल अधिकारियों द्वारा जेल में नशा पहुंचाने के आरोप में गिरफ्तार कैदी रमेश को रविवार को राजपुरा में ड्यूटी मजिस्ट्रेट अमित बख्शी के सामने पेश किया गया। यहां से इस आरोपी को दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।