तेहरान,3 नवंबर ( न्यूज़ अपडेट इंडिया ) । ईरान ने अमेरिकी खुफिया एजेंसी सीआइए पर आरोप लगाया है कि वह ओसामा बिन लादेन और ईरान के संबंधों को लेकर झूठी खबरें फैला रहा है। सीआइए ने पाकिस्तान में अलकायदा सरगना ओसामा को मार गिराने के दौरान उसके ठिकाने से जब्त 47 हजार दस्तावेज इस हफ्ते जारी किए हैं। इन्हीं में शामिल अरबी में लिखे 19 पेज के एक दस्तावेज के हवाले से दावा किया गया है कि अमेरिका में सितंबर, 2011 में हुए आतंकी हमले में ईरान ने अलकायदा का साथ दिया था। इस पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए ईरानी विदेश मंत्री जवाद जरीफ ने शुक्रवार को कहा, 'सीआइए इन झूठी खबरों को इसलिए फैला रहा है ताकि वह इस तथ्य को धूमिल कर सके कि 9/11 हमले में शामिल लोगों को कभी अमेरिका ने ही मदद की थी।' पिछले साल न्यूयॉर्क की एक अदालत ने ईरान को आदेश दिया था कि वह 9/11 हमले के पीडि़तों को 750 करोड़ रुपये का मुआवजा दे। अटकलें लगाई जा रही हैं कि परमाणु समझौते में ईरान पर दवाब बनाने के लिए ट्रंप प्रशासन ने ये दस्तावेज जारी करवाए हैं।