बठिंडा | कनाडा में हुई हिंसक घटनाओं की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आज भारत सरकार से इस मामले को कनाडा सरकार के सामने उठाने की अपील की। यहाँ पत्रकारों से बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा, कनाडा लाखों पंजाबियों का दूसरा घर है, जिन्होंने वहाँ जाकर कठिन मेहनत से अपना मुकाम हासिल किया है। कनाडा के साथ भारत के संबंध हमेशा सुखद बने रहने चाहिए क्योंकि पंजाबी वहाँ मेहनत करके अपने परिवारों के लिए रोजी-रोटी कमा रहे हैं। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि विभाजन और नफरत की राजनीति ने कनाडा में तेजी से पैर पसारा है।
दोषियों के खिलाफ मिसाल कायम करने वाली कार्रवाई के लिए कनाडा सरकार के सामने मामला उठाने हेतु भारत सरकार के हस्तक्षेप की मांग की
मुख्यमंत्री ने कहा कि कनाडा जैसी भूमि पर धर्म और नफरत की राजनीति का फैलना विश्वास से परे की बात है। उन्होंने कहा कि नफरत और हिंसा की यह कार्रवाई अत्यंत निंदनीय है और उचित कार्रवाई के लिए भारत सरकार को यह मामला कनाडा की राष्ट्रीय सरकार के सामने उठाना चाहिए।
भगवंत सिंह मान ने कहा, पंजाबी हमेशा सबके भले की प्रार्थना करते हैं और शांति के समर्थक हैं, जिसके कारण उन्हें दुनिया भर में प्यार और सम्मान की नज़र से देखा जाता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाबियों ने अपनी मेहनत और काबिलियत के गुणों से पूरी दुनिया में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। भगवंत सिंह मान ने कहा कि ऐसी घटनाओं से पंजाब और पंजाबियों को अपमान सहनी पड़ती है, इसलिए इससे बचना चाहिए। उन्होंने कहा कि कनाडाई सरकार को इस घृणित अपराध के दोषियों के खिलाफ मिसाल कायम करने वाली कार्रवाई सुनिश्चित करनी चाहिए ताकि भविष्य में दूसरों को सबक मिल सके।