चंडीगढ़ । केंद्रीय आवासन एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल ने दीपोत्सव की खुशियों को दोगुना करने के लिए मनोहर पहल की। उन्होंने स्वच्छ दीवाली-शुभ दीवाली अभियान की शुरुआत की। यही नहीं उन्होंने पर्यावरण को स्वच्छ रखने की भावना के साथ दीवाली मनाने का आह्वान किया कि चलो दीप जलाएं वहां, जहां अब भी अंधेरा है। यही नहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकल फॉर वोकल के नारे को आगे बढ़ाते हुए स्वयं स्थानीय उत्पाद खरीदकर मिसाल कायम की।
पर्यावरण को स्वच्छ रखने की भावना के साथ मनाएं दीपोत्सव : मनोहर लाल
केंद्रीय आवासन एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल ने कहा कि दीपावली का त्योहार स्वच्छता के प्रति समर्पण की भावना को दर्शाता है। इसलिए दीपावली पर घर की साफ-सफाई व स्वच्छता को तरजीह दी जाती है, उसी तरह हमें स्वच्छ दीवाली-शुभ दीवाली मनानी चाहिए। इस समय सभी लोग त्योहार की खुशियों और एकजुटता का जश्न मना रहे होते हैं, ऐसे में यह ‘स्वच्छता से संपन्नता’ का भी समय है। स्वच्छ भारत मिशन के तहत स्वच्छ दीवाली-शुभ दीवाली मनाएं।
उन्होंने कहा कि दीवाली का त्योहार स्वच्छता, समृद्धि और संस्कार से जुड़ा हुआ है। इसलिए हमें पर्वों के दौरान साफ-सफाई की इस परंपरा को केवल अपने घर-आंगन तक ही सीमित नहीं रखना है, बल्कि इन प्रयासों को घरों से बाहर गली, मोहल्लों और स्वच्छ शहरों तक ले जाना है, ताकि त्योहारों के दौरान हम अपने देश को भी स्वच्छ रख सकें। ‘स्वच्छता ही सेवा’ के दौरान हुए सामूहिक प्रयासों को सराहते हुए उन्होंने कहा, “एक पखवाड़े के रूप में स्वच्छता के लिए जो श्रमदान का कार्य शुरू हुए, वे थमने नहीं चाहिए। हमें यही गति तब तक बनाए रखनी हैं जब तक सभी स्वच्छता लक्षित इकाइयां पूरी तरह से स्वच्छ नहीं बन जातीं और हम कचरा मुक्त शहरों का लक्ष्य प्राप्त नहीं कर लेते।” महात्मा गांधी के स्वच्छता के प्रति विचारों को याद दिलाते हुए कि कैसे स्वच्छता सबसे महत्वपूर्ण चीज है, उन्होंने सभी को सभी को पर्यावरण के अनुकूल, प्लास्टिक मुक्त दिवाली मनाने के लिए प्रोत्साहित किया। साथ ही ‘वोकल फॉर लोकल’ को प्रोत्साहन देते हुए सभी से स्थानीय विक्रेताओं से उत्पाद खरीदने का आह्वान किया।
झुग्गी-झोपड़ियों व अनाथालयों के लोगों के साथ बांटें खुशियां
केंद्रीय आवासन एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल ने आह्वान किया कि दीपावली पर्व की खुशियों को शहरी झुग्गी-झोपड़ियों, रैन बसेरों, अनाथालयों और अन्य संगठनों में रहने वाले लोगों के साथ साथ बांटें। उनके जीवन में भी नई उमंग और ऊर्जा की लौ जाएंगे, ताकि उनमें अपनेपन का भाव बढ़े। यह कदम बहुत मायने रखेगा और उनके जीवन में त्योहारों का आनंद फिर से लौटाने में मदद करेगा।
केंद्रीय मंत्री ने की स्वदेशी उत्पादों की खरीददारी
केंद्रीय आवासन एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल ने स्वयं सहायता समूहों की महिला सदस्यों द्वारा बनाए गए पर्यावरण के अनुकूल उत्पादों, सजावटी वस्तुओं और विभिन्न प्रकार के खाद्य पदार्थों को प्रदर्शित करने वाले जीवंत स्टॉल्स का भी अवलोकन किया। केंद्रीय मंत्री ने कार्यक्रम के दौरान स्वयं सहायता समूहों की महिला सदस्यों से बातचीत भी की और स्वदेशी उत्पादों की खरीददारी की।