लंदन,31 अक्तूबर ( न्यूज़ अपडेट इंडिया ) वैज्ञानिकों ने सूर्यग्रहण की सबसे पुरानी तारीख का पता लगाने का दावा किया है। यह सूर्यग्रहण 3224 साल पहले यानी 1207 ईसा पूर्व 30 अक्टूबर को पड़ा था। इस तारीख का उल्लेख ईसाई धर्मग्रंथ बाइबिल में भी मिला है। शोधकर्ताओं ने इस तिथि का पता लगाने के लिए बाइबिल के पाठ और मिस्त्र की प्राचीन किताबों में दी गई जानकारियों का अध्ययन किया।
बाइबिल के इस पाठ का संदर्भ ओल्ड टेस्टामेंट बुक ऑफ जोशुआ में मिलता है। जोशुआ इजरायल द्वारा कैनान क्षेत्र का पता लगाने के लिए भेजे गए बारह जासूसों में से एक था। जोशुआ ने कैनान में प्रवेश करने के दौरान इजरायल के लोगों का नेतृत्व किया। इजरायल और फलस्तीन के सीमा पर पहुंचकर उसने प्रार्थना की, 'सूर्य गिबोन में और चंद्रमा ऐजलोन की खाड़ी में स्थिर हो जाए।' इसके बाद जिक्र है कि जब तक देश को अपने दुश्मनों पर जीत हासिल नहीं हुई तब तक सूर्य स्थिर रहा और चांद रुक गया।
कैंब्रिज यूनिवर्सिटी के कोलिन हमफ्रेज ने कहा, 'अगर ये वाक्य वास्तविक घटना की जानकारी दे रहे थे तो यह उस वक्त की बहुत बड़ी खगोलीय घटना है। इसका सीधा अर्थ है कि उस दिन चांद पृथ्वी और सूर्य के बीच आ गया जिससे सूर्य का चमकना बंद हो गया।