सोमालिया,30 अक्तूबर ( न्यूज़ अपडेट इंडिया ) सोमालिया की राजधानी मोगादिशु में शनिवार शाम को एक होटल के बाहर किए सुसाइड अटैक में अब तक 25 लोगों की मौत हो गई है। वहीं, करीब 30 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। इस आतंकी हमले में स्थानीय लोगों के साथ पुलिस और होटल सिक्युरिटी में लगे गार्ड्स की भी मौत हुई है। पुलिस के मुताबिक मरने वालों की संख्या अभी और बढ़ सकती है। बता दें, इस हमले को शनिवार शाम पांच बजे एक कार बम विस्फोट के जरिए अंजाम दिया गया। धमाका इतना तेज था कि आसपास खड़े वाहनों के साथ होटल की तीन मंजिला इमारत को भी नुकसान पहुंचा। इसके बाद हमलावर होटल की इमारत में दाखिल हो गए, जहां सिक्युरिटी फोर्सेज से मुठभेड़ के दौरान एक आतंकी ने खुद को उड़ा लिया। पुलिस अफसर मेजर मोहम्मद हुसैन के मुताबिक, मुठभेड़ के बाद पुलिस ने तीन आतंकियों को पकड़ लिया। हालांकि, दो आतंकियों ने गोली लगने के बाद खुद को बम से उड़ा लिया था। इस हमले की जिम्मेदारी इस्लामिक आतंकी संगठन अल-शबाब ने ली है। गौरतलब है कि दो हफ्ते पहले ही मोगादिशु में हुए एक और आतंकी हमले में करीब 350 लोगों की मौत हो गई थी।