लेबनान | लेबनान के विदेश मंत्री अब्दुल्ला हबीब ने खुफिया एजेंसी को बताया कि हिजबुल्लाह चीफ हसन नसरल्लाह 21 दिन के सीजफायर के लिए मान गए थे। विदेश मंत्री ने बुधवार को कहा कि लेबनान संसद के स्पीकर नबीह बेरी ने हिजबुल्लाह चीफ से बातचीत की थी। इसके बाद बेरी ने अमेरिका और फ्रांस को कहा था कि हिजबुल्लाह जंग रोकने के लिए तैयार है।
हबीब ने कहा कि अमेरिका-फ्रांस के अधिकारियों ने बताया था कि इजराइली PM नेतन्याहू भी सीजफायर के लिए राजी हैं। इसके बाद तय हुआ था कि अमेरिकी अधिकारी सीजफायर पर बातचीत करने के लिए लेबनान जाएंगे। लेकिन इसके बाद क्या हुआ ये आप सभी जानते हैं।
नेतन्याहू भी तैयार थे, बाद में इरादा बदला, US-फ्रांस ने जंग रोकने को कहा था
UN की एक बैठक में 25 सितंबर को अमेरिकी राष्ट्रपति बाइडेन और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने सीजफायर की मांग की थी। लेकिन इजराइल ने इससे इनकार कर दिया था। 2 दिन बाद नसरल्लाह बेरूत के दक्षिण शहर में एक हवाई हमले में मारा गया।
इजराइल ने 2006 के बाद पहली बार बेरूत में देर रात मिसाइल से हमला किया है। इसमें कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई। लेबनानी अधिकारियों के मुताबिक हमला एक मेडिकल सर्विस सेंटर पर किया गया। वहीं, इजराइल डिफेंस फोर्स ने बताया कि यह हिजबुल्लाह से जुड़े इस्लामिक हेल्थ अथॉरिटी का ऑफिस था।
कतर पहुंचे ईरानी राष्ट्रपति, इजराइल को चेतावनी दी
मिडिल ईस्ट में तनाव के बीच ईरान के राष्ट्रपति मसूद पजशकियान बुधवार को कतर पहुंचे। कतर, अमेरिका और ईरान दोनों का सहयोगी देश है। कतर पहुंचकर ईरानी राष्ट्रपति ने कहा कि अमेरिका और यूरोपीय देश, इजराइल को समझाएं कि वे मिडिल ईस्ट में संकट पैदा न करे। पजशकियान ने चेतावनी दी कि इजराइल अगर ईरान पर हमला करता है तो उसे करारा जवाब मिलेगा।
मिडिल ईस्ट में तनाव के बीच G7 की बैठक- ईरान की निंदा की
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव को लेकर विकसित देशों के G7 ग्रुप ने बुधवार को इमरजेंसी बैठक की। बैठक मौजूदा अध्यक्ष इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने बुलाई थी। बैठक में अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने G7 देशों के नेताओं के साथ फोन कॉल पर चर्चा की। इस दौरान G7 नेताओं ने ईरान की ओर से इजराइल पर किए गए हमले की निंदा की। ईरान के खिलाफ नए प्रतिबंधों पर भी बात की गई।
इजराइल ने सीरिया पर भी हमला किया, 3 की मौत
इजराइल एकसाथ 5 मोर्चों पर लड़ रहा है। उसकी सेना लेबनान में हिजबुल्लाह, गाजा में हमास, ईरान और यमन में हूती विद्रोहियों से मुकाबला कर रही है। सीरिया में भी इजराइल ने बुधवार को हमला किया है, जिसमें 3 लोग मारे गए। गाजा में बुधवार को इजराइली हमले में 8 लोगों की मौत हुई।