तेल अवीव | लेबनान के हिजबुल्लाह संगठन ने इजराइली खुफिया एजेंसी मोसाद के हेडक्वार्टर के पास मिसाइल से हमला किया है। हिजबुल्लाह ने दावा किया है कि उसने जिस बिल्डिंग को निशाना बनाया है, वहां लेबनान में पेजर ब्लास्ट की प्लानिंग की गई थी।
हिजबुल्लाह ने राजधानी तेल अवीव पर किए इस हमले में बैलिस्टिक मिसाइल का इस्तेमाल किया है। खुफिया एजेंसी के मुताबिक ईरान समर्थित हिजबुल्लाह और इजराइल के बीच पिछले 8 दिनों से जारी संघर्ष में ऐसा पहली बार हुआ है जब कोई मिसाइल तेल अवीव तक पहुंची है।
कहा यहीं हुई थी पेजर ब्लास्ट की प्लानिंग, इजराइली हमले में 51 लेबनानी मारे गए
इस बीच भारतीय विदेश मंत्रालय ने एडवाइजरी जारी करते हुए भारतीय नागरिकों से तुरंत लेबनान छोड़ने के लिए कहा है। साथ ही जिन लोग किसी जरूरी वजह से लेबनान में रुकना पड़ रहा है, उन्हें यात्रा करते समय सावधानी बरतने की हिदायत दी गई है। मंत्रालय इससे पहले भी अगस्त में लेबनान को लेकर एडवाइजरी जारी कर चुका है। वहीं इजराइल ने एक मिसाइल को हवा में मार गिराने की बात कही है। बुइजराइली हमलों में लेबनान 51 नागरिकों की मौत हो गई है। वहीं 200 से ज्यादा घायल हैं।
इजराइल का दावा- हिजबुल्लाह के 60 इंटेलीजेंस ठिकानों पर हमला
इजराइली सेना ने दावा किया है कि उसने लेबनान में हिजबुल्लाह के इंटेलीजेंस डायरेक्ट्रेट से जुड़े 60 ठिकानों को निशाना बनाया है। इन ठिकानों को हवाई हमलों की बौछार की गई है। सेना ने कहा कि उसने खुफिया जानकारी जुटाने वाले उपकरणों और कमांड सेंटरों को नष्ठ कर दिया है।
दूसरी तरफ इजराइली सेना प्रमुख ने कहा है कि सेना लेबनान में संभावित ग्राउंड ऑपरेशन की तैयारी कर रही है। वहीं लेबनान में अब तक 90 हजार से ज्यादा नागरिक विस्थापित हो चुके हैं।
इजराइली हमले में हिजबुल्लाह के मिसाइल कमांडर की मौत
लेबनान की राजधानी बेरूत में मंगलवार को इजराइली हमले में हिजबुल्लाह के मिसाइल कमांडर इब्राहिम कुबैसी की मौत हो गई। इसके अलावा 5 अन्य लोग भी मारे गए हैं। इजराइल बीते 5 दिनों से लगातार लेबनान पर हमले कर रहा है। इसके साथ ही लेबनान में 2 दिन में मरने वालों का आंकड़ा 569 हो गया है।
वहीं हिजबुल्लाह ने भी सोमवार रात इजराइल में 8 जगहों को मिसाइल से निशाना बनाने का दावा किया था। इस पर इजराइल ने कहा कि हिजबुल्लाह की तरफ से 55 रॉकेट दागे गए थे। जिन्हें हवा में ही मार गिराया गया।