बेरूत | इजराइल ने लेबनान में 300 से ज्यादा मिसाइल दागीं। लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा कि इस हमले में अब तक 492 लोगों की मौत हो गई। इसमें 58 महिलाएं और 35 बच्चे हैं। 1,645 लोग घायल हैं। अलजजीरा के मुताबिक, 2006 में इजराइल-लेबनान जंग के बाद लेबनान पर हुआ यह अब तक का सबसे बड़ा हमला है। लेबनान में बुधवार, 25 सितंबर तक के लिए स्कूल-कॉलेज बंद कर दिए गए हैं। लोग सुरक्षित जगहों पर जाते देखे गए। इस वजह से कई शहरों में ट्रैफिक जाम की स्थिति रही।
यह 18 साल में सबसे बड़ा हमला, इजराइल में एक हफ्ते तक इमरजेंसी घोषित
इजराइल का यह लगातार चौथे दिन मिसाइल हमला था। इस दौरान लेबनान के शहरों पर 900 से ज्यादा मिसाइल दागीं गई, जिनमें अब तक 300 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं। वहीं, लेबनान से पलटवार की आशंकाओं के बीच इजराइल में एक हफ्ते की इमरजेंसी लगाई गई है। रक्षा मंत्री योव गलांट के कहने पर इमरजेंसी पर कैबिनेट के मंत्रियों ने फोन से वोटिंग की।
इजराइल ने पहले मैसेज भेजा,फिर हमले किए
इजराइली सेना ने हिजबुल्लाह के ठिकाने के करीब रहने वाले लोगों को तुरंत अपने घरों को छोड़ने की चेतावनी दी थी। टाइम्स ऑफ इजराइल के मुताबिक, IDF प्रवक्ता रियर एडमिरल डैनियल हगारी ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी किया था।
प्रवक्ता हगारी ने वीडियो में लेबनान के नागरिकों को खतरे वाले इलाके से दूर चले जाने को कहा था। उन्होंने कहा कि इजराइली सेना हिजबुल्लाह के खिलाफ और घातक हमले करने जा रही है। हगारी ने कहा कि हिजबुल्लाह ने घरों और इमारतों में हथियार जमा कर रखे हैं। आप ऐसी इमारत में हैं जहां हथियार हैं तो जल्द से जल्द उसको छोड़कर निकल जाएं। उन्होंने कहा कि इस मैसेज को लेबनान के सभी नेटवर्क और प्लेटफॉर्म पर अरबी में भेजा जा रहा है।