बेरूत | लेबनान में हिजबुल्लाह मेंबर्स के पेजर में कई सीरियल ब्लास्ट हुए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ब्लास्ट में 11 लोगों की मौत हो गई है। मरने वालों में हिजबुल्लाह के 2 सदस्य और 1 बच्ची भी शामिल है।
वहीं 4 हजार से ज्यादा घायल हुए हैं, जिनमें से 400 की हालात गंभीर है। घायलों में लेबनान में ईरान के राजदूत भी शामिल हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पेजर्स को हैक करके ब्लास्ट किया गया है।
इस घटना के पीछे इजराइल का हाथ होने का दावा किया जा रहा है। हिजबुल्लाह ने भी कहा कि वह इस हमले के लिए 'दुश्मन' इजराइल को जिम्मेदार मानता है। हालांकि इजराइल ने इस पर अब तक कोई बयान नहीं दिया है।
हिजबुल्लाह मेंबर्स को बनाया निशाना, घायलों में ईरानी राजदूत भी शामिल; इजराइल पर आरोप
पेजर एक वायरलेस डिवाइस होता है जिसका इस्तेमाल संदेश भेजने और प्राप्त करने के लिए किया जाता है। यह आमतौर पर छोटे स्क्रीन और लिमिटेड कीपैड के साथ आता है। इसकी मदद से संदेश या अलर्ट्स को जल्दी प्राप्त किया जा सकता है।
ब्लास्ट में ईरानी राजदूत भी घायल
लेबनान की वेबसाइट नहरनेट के मुताबिक ईरान के राजदूत मुज्तबा अमानी भी पेजर ब्लास्ट में घायल हुए हैं। हालांकि उन्हें गंभीर चोट नहीं आई है। अरब मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक सीरियल ब्लास्ट में हजार से ज्यादा हिजबुल्लाह मेंबर्स को निशाना बनाया गया है।
लेबनान पेजर अटैक में हिजबुल्लाह के सांसद के बेटे की भी मौत हो गई है। हिजबुल्लाह के एक अधिकारी ने रॉयटर्स से बताया कि दो अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के बेटे घायल हो गए। रिपोर्ट्स में हिजबुल्लाह प्रमुख हसन नसरल्लाह के भी घायल होने का दावा किया जा रहा था, लेकिन हिजबुल्लाह ने इसका खंडन किया है। हिजबुल्लाह के एक अधिकारी ने रॉयटर्स से बात करते हुए कहा कि नसरल्लाह को हमले में कोई नुकसान नहीं पहुंचा है।
बनान के स्वास्थ्य मंत्री फिरास अबियाद ने पुष्टि की है कि देशभर में हुए ब्लास्ट्स में सैकड़ों लोग घायल हुए हैं। अबियाद के मुताबिक ज्यादातर लोगों को हाथ में चोटें आई हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने सभी अस्पतालों को हाई अलर्ट पर रहने को कहा है। हेल्थ वर्कर्स को मदद के लिए तत्काल अपने अस्पतालों में जाने को कहा गया है।
हिजबुल्लाह ने सदस्यों को दिए थे पेजर्स
रिपोर्ट्स के मुताबिक जिन पेजर्स में विस्फोट हुआ, उन्हें हाल ही में हिजबुल्लाह ने अपने सदस्यों को इस्तेमाल करने को दिया था। गाजा जंग शुरू होने के बाद हिजबुल्लाह ने अपने सदस्यों को मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने को मना किया था। इजराइल के किसी संभावित हमले से बचने के लिए यह सलाह दी गई थी।
जुलाई में हिजबुल्लाह नेता हसन नसरल्लाह ने लोगों से मोबाइल डिवाइस और सीसीटीवी का इस्तेमाल बंद करने को कहा था, क्योंकि उन्हें डर था कि इजराइली एजेंसी इन्हें हैक कर सकती है।