चंडीगढ़। पंजाब में ठगी का एक अनोखा मामला सामने आया है। जालंधर में एक नटवरलाल ने 135 साल पुराने गोलकनाथ चर्च को बेच दिया। आरोपी ने चर्च के लिए जमीन दिलाने की एवज में करीब 5 करोड़ रुपए ले लिए। श्रद्धालुओं को जब इसका पता चला तो शुक्रवार को देर रात काफी देर हंगामा किया और पुलिस कमिश्नरेट में शिकायत दर्ज कराई गई है। इसके बाद जालंधर के डीसी हिमांशु अग्रवाल ने उक्त रजिस्ट्री पर रोक लगा दी है।
लुधियाना के ईसा नगर के रहने वाले नटवर लाल जॉर्डन मसीह ने 5 करोड़ रुपए जमा कराकर जालंधर के मिशन कंपाउंड स्थित 135 साल पुराने गोलकनाथ चर्च का सौदा किया था। 2 दिन बाद चर्च की जमीन की रजिस्ट्री होने वाली थी। लेकिन उससे पहले ही यूनाइटेड चर्च ऑफ नॉर्थ इंडिया ट्रस्ट के अधिकारियों को इस फर्जीवाड़े की जानकारी मिल गई। ट्रस्ट सचिव अमित के.प्रकाश ने कहा कि पिछले दिनों उन्हें पता चला कि जालंधर के आदर्श नगर स्थित ऐतिहासिक गोलकनाथ चर्च दो दिन में पंजीकृत होने जा रहा है। उन्हें चर्च की 24 कनाल से अधिक जमीन के लिए, लिए गए 5 करोड़ रुपए के स्टेटमेंट की कॉपी मिली।
पता चला कि लुधियाना के ईसा नगर निवासी जॉर्डन मसीह ने जालंधर के लाडोवाली रोड निवासी बाबा दत्त से चर्च का सौदा किया है। उन्होंने तुरंत जालंधर आकर तहसीलदार-1 मनिंदर सिंह को पूरा मामला बताया और चर्च की जमीन की रजिस्ट्री रुकवा दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।